होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे तीन व्यापारिक जहाजों पर कथित ईरानी हमलों के बाद अमेरिका ने जवाबी सैन्य कार्रवाई शुरू कर दी है। यूएस सेंट्रल कमांड के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग में नागरिक व्यापारिक जहाजों को निशाना बनाने की कीमत चुकाने के लिए ईरानी ठिकानों पर कई हमले किए गए हैं।
यूएस सेंट्रल कमांड का दावा
यूएस सेंट्रल कमांड ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कहा कि अमेरिकी कार्रवाई होर्मुज जलडमरूमध्य में तीन व्यापारिक जहाजों पर हुए हमलों के जवाब में की गई है। अमेरिका का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाएगा।
ईरान में धमाकों की खबर
ईरानी सरकारी मीडिया के अनुसार, केशम द्वीप और बंदर अब्बास व सिरिक के आसपास धमाकों की आवाजें सुनी गईं। हालांकि, ईरान की ओर से अमेरिकी दावों पर विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
तीन जहाज बने निशाना
यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशन्स (यूकेएमटीओ) के मुताबिक, होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे तीन टैंकरों पर अलग-अलग हमले हुए। एक जहाज में आग लग गई, जबकि दो अन्य को संरचनात्मक नुकसान पहुंचा। राहत की बात यह रही कि किसी भी घटना में हताहत होने की सूचना नहीं है।
सऊदी और कतरी टैंकर भी शामिल
सूत्रों के अनुसार, प्रभावित जहाजों में एक सऊदी झंडे वाला क्रूड ऑयल टैंकर और एक कतरी एलएनजी टैंकर शामिल है। ड्रोन और अज्ञात प्रोजेक्टाइल से हुए हमलों के बावजूद जहाज अपने निर्धारित बंदरगाहों की ओर बढ़ते रहे।
आईआरजीसी पर लगाए गए आरोप
ईरान की अर्ध-आधिकारिक समाचार एजेंसी ‘फार्स’ ने दावा किया कि आईआरजीसी की नौसेना ने चेतावनियों की अनदेखी करने पर दो टैंकरों को निशाना बनाया था। वहीं, अमेरिका ने इन घटनाओं को अंतरराष्ट्रीय समुद्री सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बताते हुए जवाबी कार्रवाई की है। (इनपुट: आईएएनएस)


