उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन बुधवार को दो दिवसीय दौरे पर जम्मू-कश्मीर पहुंचे। शाम को विशेष बोइंग विमान से श्रीनगर एयरपोर्ट पर उतरने के बाद उनका औपचारिक स्वागत किया गया।
एयरपोर्ट पर हुआ स्वागत, राज भवन पहुंचे
एयरपोर्ट पर उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, मुख्य सचिव अटल डुल्लू, सेना की 15 कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग और पुलिस महानिदेशक ने उपराष्ट्रपति का स्वागत किया। इसके बाद वे कड़ी सुरक्षा के बीच काफिले से चश्मा शाही स्थित राज भवन पहुंचे।
पहला जम्मू-कश्मीर दौरा, दीक्षांत समारोह में होंगे शामिल
पद संभालने के बाद यह उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन का पहला जम्मू-कश्मीर दौरा है। वे गुरुवार को यूनिवर्सिटी ऑफ कश्मीर के हजरतबल परिसर में आयोजित 21वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उपराज्यपाल विश्वविद्यालय के कुलाधिपति और मुख्यमंत्री प्रो-कुलाधिपति हैं।
आगमन से पहले सुरक्षा एजेंसियों की व्यापक तैयारियां, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
उपराष्ट्रपति के आगमन से पहले सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक तैयारियां कीं। शहर में कई स्थानों पर अस्थायी जांच चौकियां स्थापित की गईं। वाहनों की जांच और लोगों की तलाशी बढ़ाई गई है। ट्रैफिक विभाग ने विस्तृत एडवाइजरी जारी कर यात्रियों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की है।
निर्धारित मार्गों पर रहेगा यातायात प्रतिबंध
निर्धारित समय में डलगेट, खैयाम, खानयार, रैनावारी, सैदकदल और हजरतबल मार्ग पर ट्रैफिक नियंत्रित रहेगा। हरवन, शालीमार और निशात से लाल चौक जाने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। एयरपोर्ट जाने वाले वाहनों के लिए भी अलग रूट तय किया गया है।
मेडिकल इमरजेंसी को मिलेगी अनुमति
अधिकारियों ने बताया कि मेडिकल इमरजेंसी के मामलों में सत्यापन के बाद आवाजाही की अनुमति दी जाएगी। नागरिक किसी भी सहायता के लिए ट्रैफिक पुलिस से संपर्क कर सकते हैं। (इनपुट: आईएएनएस)


