लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में आज (सोमवार) छह राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों की 49 संसदीय सीटों पर सुबह 11 बजे तक 23.66% मतदान हुआ। यह जानकारी निर्वाचन आयोग द्वारा दी गई है। पांचवें चरण का मतदान सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक चलेगा।

पश्चिम बंगाल 32.7% मतदान के साथ सबसे आगे

चुनाव आयोग ने जानकारी देते हुए कहा कि सुबह 11 बजे तक बिहार में 21.11 प्रतिशत, जम्मू-कश्मीर में 21.37 प्रतिशत, झारखंड में 26.18 प्रतिशत, लद्दाख में 27.87 प्रतिशत, महाराष्ट्र में 15.93 प्रतिशत, ओडिशा में 21.07 प्रतिशत, उत्तर प्रदेश में 27.76 प्रतिशत और पश्चिम बंगाल में 32.70 प्रतिशत मतदान हुआ।

695 उम्मीदवारों के भाग्य का होगा फैसला 

ईसीआई के अनुसार, पांचवें चरण के मतदान में 8.95 करोड़ से अधिक मतदाता भाग ले रहे हैं, जिनमें 4.69 करोड़ पुरुष, 4.26 करोड़ महिलाएं और 5409 थर्ड जेंडर के मतदाता शामिल हैं। ये सभी मतदाता चुनाव मैदान में खड़े 695 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। 

12 फीसदी महिलाएं भी सियासी चौसर पर 

केवल इतना ही नहीं, इनमें 82 महिलाएं शामिल हैं। यानी 12 फीसदी महिलाएं भी सियासी चौसर पर अपनी किस्मत आजमा रही हैं। पांचवें चरण में विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों में प्रमुख मुकाबले भी देखने को मिल रहे हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, स्मृति ईरानी, राहुल गांधी, राजीव प्रताप रूडी, पीयूष गोयल, उज्जवल निकम, करण भूषण सिंह,  चिराग पासवान, उमर अब्दुल्ला और रोहिणी आचार्य जैसे नेता चुनावी मैदान में हैं। 

पांचवें चरण में आठ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मतदान कराया जा रहा हैं जिनमें बिहार, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, झारखंड, महाराष्ट्र, ओडिशा, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल शामिल है। 49 लोकसभा सीटों में से 14 उत्तर प्रदेश से, 13 महाराष्ट्र से, 7 पश्चिम बंगाल से, 5 बिहार से, 3 झारखंड से, 5 ओडिशा से और एक-एक जम्मू-कश्मीर और लद्दाख से हैं। केवल इतना ही नहीं इस चरण में मुंबई, ठाणे और लखनऊ जैसे शहरों में भी मतदान कराया जा रहा है। 

शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षाबल तैनात

शांतिपूर्ण मतदान के लिए कुल 2,000 फ्लाइंग स्क्वाड, 2105 स्टेटिक सर्विलांस टीम, 881 वीडियो सर्विलांस टीम और 502 वीडियो देखने वाली टीमें 94,732 मतदान केंद्रों पर चौबीसों घंटे निगरानी रख रही हैं। कुल 216 अंतरराष्ट्रीय सीमा चौकियां और 565 अंतरराज्यीय सीमा चौकियां शराब, ड्रग्स, नकदी और मुफ्त वस्तुओं के किसी भी अवैध प्रवाह पर कड़ी निगरानी रख रही हैं। ईसीआई ने कहा कि समुद्री और हवाई मार्गों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

उल्लेखनीय है कि निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं से अधिक से अधिक संख्या में मतदान केंद्रों पर पहुंचने और जिम्मेदारी और गर्व के साथ मतदान करने का आह्वान किया है। आम चुनाव में अब तक सभी मतदान केंद्रों पर लगभग 66.95 प्रतिशत मतदान हुआ है। पहले चार चरणों में लगभग 45 करोड़ 10 लाख व्यक्ति मतदान कर चुके हैं। शेष तीन चरणों का मतदान पहली जून तक चलेगा। चार जून को मतगणना होगी। आम चुनाव के पहले चार चरणों में 23 राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों और 379 लोकसभा संसदीय क्षेत्रों के लिए मतदान सुचारू और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ है। 

RELATED ARTICLES

26/12/24 | 3:01 pm | ECI

लोकसभा चुनाव 2024 में 64.64 करोड़ मतदाताओं ने वोट डालकर बनाया विश्व रिकार्ड, ईसीआई ने जारी की रिपोर्ट

इस साल सम्पन्न हुए लोकसभा चुनाव में 64.64 करोड़ मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग करके नया विश्व...

23/11/24 | 2:49 pm | maharashtra assembly election result

महाराष्ट्र में भाजपा गठबंधन की सरकार बनना तय, सभी 288 सीटों के रुझान आए

महाराष्ट्र की सभी 288 विधानसभा सीटों के रुझान आ गए हैं। महायुति गठबंधन 200 से ज्यादा सीटों पर बढ़त ब...