दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव के लिए गुरुवार को मतदान शुरू हो गया है। विश्वविद्यालय के 50 से अधिक कॉलेजों और विभागों के करीब 2.75 लाख छात्र अपने मताधिकार का उपयोग कर रहे हैं। मतदान प्रक्रिया दो पालियों में हो रही है—पहली पाली सुबह 8:30 बजे शुरू हुई, जबकि दूसरी पाली दोपहर से शाम 7:30 बजे तक चलेगी।
इस चुनाव में मुख्य मुकाबला कांग्रेस समर्थित नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) और भाजपा समर्थित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के बीच है। इसके अलावा, आम आदमी पार्टी और लेफ्ट समर्थित छात्र संगठन भी मैदान में हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय के 52 कॉलेजों में अलग-अलग मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
उम्मीदवारों का पैनल
एबीवीपी ने अध्यक्ष पद के लिए आर्यन मान, उपाध्यक्ष पद के लिए गोविंद तंवर, सचिव पद के लिए कुणाल चौधरी और सह-सचिव पद के लिए दीपिका झा को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, एनएसयूआई की ओर से अध्यक्ष पद पर जोश्लिन नंदिता चौधरी, उपाध्यक्ष पद पर राहुल झांसला, सचिव पद पर कबीर और सह-सचिव पद पर लव कुश बधाना मैदान में हैं।
मतगणना और नतीजे
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, मतगणना 19 सितंबर को सुबह 9 बजे शुरू होगी और देर शाम तक पूरी होने की उम्मीद है। नतीजों की घोषणा उसी दिन की जाएगी। मतगणना प्रक्रिया सीसीटीवी की निगरानी में होगी, ताकि पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।
छात्र संगठनों का दावा
सभी छात्र संगठन अपनी जीत का दावा कर रहे हैं और कह रहे हैं कि यह चुनाव छात्रों के मुद्दों, जैसे शिक्षा, सुविधाएं और कैंपस विकास, पर केंद्रित है। डूसू चुनाव दिल्ली की छात्र राजनीति में महत्वपूर्ण स्थान रखता है और इसके परिणाम पर सबकी नजरें टिकी हैं। (इनपुट-एजेंसी)


