प्रतिक्रिया | Wednesday, April 02, 2025

  • Twitter
  • Facebook
  • YouTube
  • Instagram

देश में आम चुनाव के प्रथम चरण के लिए आज सुबह सात बजे मतदान शुरू हो गया। संवेदनशील मतदान केंद्रों में सुरक्षा का कड़ा बंदोबस्त किया गया है। प्रथम चरण के चुनाव मैदान में आठ केंद्रीय मंत्री, दो पूर्व मुख्यमंत्री और एक पूर्व राज्यपाल अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

आज 1625 उम्मीदवारों का भाग्य हो जाएगा ईवीएम में बंद

पहले चरण में 1625 उम्मीदवार इस समर में हैं। चुनाव के प्रथम चरण के लिए हो रहे मतदान में 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 102 लोकसभा सीट शामिल हैं।

लोकसभा की इन सीटों पर हो रहा मतदान

इनमें राजस्थान की 12, उत्तर प्रदेश की आठ, मध्य प्रदेश की छह, बिहार की चार, पश्चिम बंगाल की तीन, असम और महाराष्ट्र की पांच, मणिपुर की दो, त्रिपुरा की एक, जम्मू-कश्मीर की एक और छत्तीसगढ़ की एक सीट शामिल है। इसके अलावा तमिलनाडु की 39, मेघालय की दो, उत्तराखंड की पांच, अरुणाचल प्रदेश की दो, अंडमान निकोबार द्वीप समूह की एक, मिजोरम की एक, नगालैंड की एक, पुडुचेरी की एक, सिक्किम की एक और लक्षद्वीप की सभी लोकसभा सीट पर मतदान होगा।

पीएम मोदी ने कहा- ‘लोकतंत्र का सबसे बड़ा उत्सव आज से शुरू’

लोकतंत्र के महापर्व की शुरुआत होने से पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक्स हैंडल पर कहा, “लोकतंत्र का सबसे बड़ा उत्सव आज से शुरू हो रहा है। लोकसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान में 21 राज्यों और संघ शासित प्रदेशों की 102 सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे। इन सभी सीटों के मतदाताओं से मेरा आग्रह है कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग जरूर करें और वोटिंग का नया रिकॉर्ड बनाएं। पहली बार वोट देने जा रहे अपने युवा साथियों से मेरी यह विशेष अपील है कि वे भारी संख्या में मतदान करें।”

मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा- ‘सभी आवश्यक सुविधा का इंतजाम’

वहीं मतदान शुरू होने से पहले मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि सब कुछ ठीक है। तैयारी वास्तव में दो साल पहले शुरू हुई थी। लगभग 16.86 करोड़ मतदाताओं वाले पहले चरण के मतदान के लिए लगभग 1.86 लाख मतदान केंद्रों पर सभी आवश्यक सुविधा का इंतजाम किया गया है। 

आगंतुकों: 22000366
आखरी अपडेट: 2nd Apr 2025