प्रतिक्रिया | Sunday, May 19, 2024

लोकसभा चुनाव 2024: 11 राज्यों की 93 सीटों पर तीसरे चरण के लिए हो रहा मतदान, 1331 उम्मीदवार मैदान में

देश में आम चुनाव के तीसरे चरण के लिए आज सुबह सात बजे 11 राज्यों की 93 सीटों पर मतदान शुरू हो गया। इस चरण में कुल 1331 उम्मीदवार मैदान में हैं। मतदान शाम 6:00 बजे तक तक होगा है। हालांकि, कुछ लोकसभा सीटों पर मतदान शाम चार बजे खत्म हो जाएगा। 

कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर

तीसरे चरण में 10 केंद्रीय मंत्रियों और चार पूर्व मुख्यमंत्री समेत कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। गुजरात के गांधीनगर से केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भाजपा उम्मीदवार हैं। भाजपा का गढ़ माने जाने वाली इस सीट का प्रतिनिधित्व लालकृष्ण आडवाणी जैसे दिग्गज कर चुके हैं। यह सीट 1989 से भाजपा के पास है। तीसरे चरण में आज केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रह्लाद जोशी, सपा की डिंपल यादव और कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह का चुनावी भाग्य ईवीएम में कैद होगा।

किस राज्य में कितनी सीटों पर आज हो रहा मतदान ?

आज उत्तर प्रदेश की 10, गुजरात की 25, कर्नाटक की 14, महाराष्ट्र की 11, मध्य प्रदेश की नौ, असम की चार, बिहार की पांच, छत्तीसगढ़ की सात, पश्चिम बंगाल की चार, दमन-दीव और दादरा एवं नगर हवेली की दो सीटों पर मतदान हो रहा है। पश्चिम बंगाल के कई मतदान केंद्रों पर सुबह से लोगों की लंबी कतार लगी हुई है। यहां मतदान शुरू होने से पहले ही कतारें लगनी शुरू हो गईं। जानीपुर और मुर्शिदाबाद में ऐसा ही नजारा दिखने को मिला। 

पीएम मोदी ने अहमदाबाद में किया मतदान

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और स्टार प्रचारक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज (मंगलवार) अहमदाबाद में कुछ समय पहले आम चुनाव के तीसरे चरण के लिए यहां के एक मतदान केंद्र में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी उनके साथ नजर आए।

https://x.com/narendramodi/status/1787677216278819158

इससे पहले मोदी ने आज आम चुनाव के तीसरे चरण मतदान में हिस्सा ले रहे देशवासियों से नया रिकार्ड बनाने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री मोदी ने सुबह एक्स हैंडल पर पोस्ट साझा की। उन्होंने लिखा, ” तीसरे चरण के सभी मतदाताओं से मेरा आग्रह है कि वे अधिक से अधिक संख्या में मतदान करें और वोटिंग का एक नया रिकॉर्ड बनाएं। आप सभी की सक्रिय भागीदारी लोकतंत्र के इस महोत्सव की रौनक को और बढ़ाएगी।”

यहां शाम 4 बजे तक होगा मतदान

बिहार की खगड़िया लोकसभा सीट के अंतर्गत अलौली, बेलदौर और सिमरी बख्तियारपुर विधानसभा क्षेत्र में मतदान शाम चार बजे तक होगा। 

इन सीटों के लिए आज हो रहा मतदान 

आज उत्तर प्रदेश के संभल, हाथरस, आगरा, फतेहपुर सीकरी, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, बदायूं, ओनला, बरेली, बिहार के झांझरपुर, सौपाल, अरेरिया, मधेपुरा, खगड़िया, गुजरात के कच्छ, बनासकांठा, पाटन, मेहसाणा, साबरकांठा, गांधीनगर, अहमदाबाद पूर्व, अहमदाबाद पश्चिम, सुरेंद्रनगर, राजकोट, पोरबंदर, जामनगर, जूनागढ़, अमरेली, भावनगर, आनंद, भरूच, बारडोली, नवसारी, वलसाड, खेड़ा, दहोद, वडोदरा, पंचमहल, छोटा उदयपुर, कर्नाटक के चिक्कोडी, बेलगाम, बीजापुर, गुलबर्गा, रायचूर, बीदर, कोप्पल, बेल्लारी, हावेरी, धारवाड़, उत्तर कन्नड़, दावणगेरे, बागलकोट, शिमोगा, महाराष्ट्र के रायगढ़, बारामती, उस्मानाबाद, लातूर, सोलापुर, माढा, सांगली, सतारा, रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग, कोल्हापुर और हातकणंगले, मध्य प्रदेश के मुरैना, भिंड, ग्वालियर , गुना , सागर , विदिशा , भोपाल, राजगढ़, बैतूल, छत्तीसगढ़ के सरगुजा, रायगढ़, जांजगीर चांपा, कोरबा, बिलासपुर, दुर्ग, रायपुर, असम के कोकराझार, धुबरी, बारपेटा, गुवाहाटी, दमन और दीव के दादरा एवं नगर हवेली, गोवा के उत्तरी गोवा और दक्षिणी गोवा, पश्चिम बंगाल के मालदा उत्तर, मालदा दक्षिण, जंगीपुर और मुर्शिदाबाद लोकसभा क्षेत्र के लिए मतदान हो रहा है। (इनपुट-हिंदुस्थान समाचार)

कॉपीराइट © 2024 न्यूज़ ऑन एयर। सर्वाधिकार सुरक्षित
आगंतुकों: 1737922
आखरी अपडेट: 19th May 2024