प्रतिक्रिया | Saturday, April 26, 2025

  • Twitter
  • Facebook
  • YouTube
  • Instagram

हमने ‘भूमि जिहाद’ के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है, 5000 एकड़ से अधिक जमीन मुक्त कराई : पुष्कर सिंह धामी

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्टार प्रचारक एवं उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गुरुवार को तेलंगाना पहुंचे। लोकसभा चुनाव-2024 का प्रथम चरण का मतदान हो चुका है। अब दूसरे चरण का मतदान होना है। ऐसे में ऐतिहासिक जीत के लिए भाजपा के स्टार प्रचारक धुआंधार प्रचार में जुटे हैं। पुष्कर सिंह धामी ने तेलंगाना के निजामाबाद में एक चुनावी जनसभा को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि हमने उत्तराखंड में ‘भूमि जिहाद’ के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है और हमने वहां 5000 एकड़ से अधिक जमीन मुक्त कराई है।

अरविंद धर्मपुरी के लिए प्रचार करने के लिए निजामाबाद पहुंचे

बता दें कि उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी आज (गुरुवार) भाजपा सांसद और निर्वाचन क्षेत्र से उम्मीदवार अरविंद धर्मपुरी के लिए प्रचार करने के लिए निजामाबाद पहुंचे। उन्होंने निजामाबाद (तेलंगाना) में भाजपा के लोकसभा प्रत्याशी अरविंद धर्मपुरी के नामांकन के उपरांत आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस अवसर पर निजामाबाद के लोगों से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

पीएम मोदी के नेतृत्व में आज पूरी दुनिया में हमारे देश का डंका बजा है

निजामाबाद में चुनावी जनसभा को सम्बोधित करते हुए उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा मैं यहां अरविंद धर्मपुरी के लिए वोट मांगने आया हूं। उन्होंने लोगों से उनके पक्ष में मतदान करने को कहा। पुष्कर धामी ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में आज पूरी दुनिया में हमारे देश का डंका बजा है। देश का मान-सम्मान पूरी दुनिया में बढ़ा है। आज कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक अटक से लेकर कटक तक उत्तर से लेकर दक्षिण तक और पूरब से लेकर पश्चिम तक भारत एक सूत्र में संगठित होकर विकास के रास्ते पर आगे चल रहा है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के समय जब दुनिया के देश अव्यवस्थित हो गए उनकी अर्थव्यवस्था ध्वस्त हो गयी ऐसे में भारत विश्व के अन्य प्रमुख देशों को पीछे छोड़कर विश्व की पांचवी बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया।

उत्तराखंड में ‘भूमि जिहाद’ के खिलाफ सख्त कार्रवाई की

बीजेपी स्टार प्रचारक सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हमने देवभूमि उत्तराखंड में ‘भूमि जिहाद’ के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है और हमने वहां 5000 एकड़ से अधिक जमीन मुक्त कराई है। हमारी सरकार ने उत्तराखंड में दंगा विरोधी कानून बनाया है। अब मुआवजा नुकसान की भरपाई दंगा भड़काने वाले से की जाए। उन्होंने आगे कहा कि हमने धर्मान्तरण के खिलाफ भी सख्त कानून बनाया है। पुष्कर धामी ने कहा कि भाजपा भारत को सशक्त बनाने के लिए और विकसित भारत के निर्माण के लिए संकल्पित होकर काम कर रही है।

पुष्कर धामी ने भाजपा के लक्ष्य 400 पार को धार देने के साथ मतदाताओं को साधने के साथ विपक्ष पर जमकर हमला बोला।

 

आगंतुकों: 24547906
आखरी अपडेट: 26th Apr 2025