प्रतिक्रिया | Saturday, July 27, 2024

Weather Alert: बढ़ते तापमान से देश के इन राज्यों में कहर, मौसम विभाग ने बताया कब से मिलेगी राहत

 

देश के पश्चिमोत्तर और मध्य भारत में गर्मी का कहर जारी है। कई इलाकों में तापमान 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। इस बीच मौसम विभाग ने पश्चिमोत्तर और मध्य भारत में जारी भीषण गर्मी की स्थिति में गुरुवार से धीरे-धीरे कमी आने का अनुमान व्यक्त किया है। भीषण गर्मी की स्थिति कल तक जम्मू, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार और ओडिशा में बनी रहेगी।

पशुपालकों के लिए एडवाइजरी

हरियाणा और चंडीगढ़ में पड़ रही भीषण गर्मी और लू से लोग बेहाल हैं। बाजारों और सड़कों पर  सन्नाटा पसरा हुआ है जिससे व्यापार भी प्रभावित हुआ है। पशुपालकों का कहना है कि गर्मी में दूध उत्पादन में भी कमी आयी है। हरियाणा के राजस्व एवं आपदा विभाग ने एडवाइजरी जारी कर पशुओं को छाया और ठंडे किए कमरों में बांधने, पर्याप्त पानी पिलाने और दिन में दो बार नहलाने की सलाह दी है। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने एडवाइजरी जारी कर लोगों को लू से बचने के उपाय बताए हैं और अस्पतालों में लू से पीड़ित मरीजों के लिए अलग से वार्ड तैयार किए गए हैं।

गुरुवार के बाद मौसम में होगी थोड़ी नरमी

आज (बुधवार) उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव की भविष्यवाणी नहीं की गई है। अगले कुछ दिनों में इन क्षेत्रों में तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की उम्मीद है। मंगलवार को दिल्ली के मुंगेशपुर इलाके में 49.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो इस मौसम में राष्ट्रीय राजधानी में दर्ज किया गया सबसे अधिक तापमान था। मौसम विभाग ने यह भी पूर्वानुमान लगाया है कि अगले 2-3 दिनों में केरल में दक्षिण-पश्चिम मानसून की शुरुआत और पूर्वोत्तर राज्यों के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए स्थितियां अनुकूल होती रहेंगी।

कुछ इलाकों में हल्की बारिश का अनुमान

IMD ने आगे कहा कि उत्तर-पश्चिम भारत में अगले महीने की 2 तारीख तक गरज और बिजली के साथ छिटपुट से लेकर हल्की बारिश होने की उम्मीद है क्योंकि कल ताजा पश्चिमी विक्षोभ इस क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। उधर कोलकाता समेत राज्य के अन्य हिस्सों में चक्रवात रेमल के प्रभाव से बारिश थमने के बाद एक बार फिर गर्मी बढ़ गई है। अलीपुर स्थित मौसम विभाग के क्षेत्रीय मुख्यालय की ओर से बुधवार को जारी बयान में इस बारे में जानकारी दी गई है। इसमें बताया गया है कि कोलकाता में न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 29.4 डिग्री सेल्सियस है जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम महज 33 डिग्री सेल्सियस है। हालांकि सप्ताहांत से एक बार फिर तापमान में बढ़ोतरी का सिलसिला शुरू होगा जो एक बार फिर 39-40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच सकता है।

कॉपीराइट © 2024 न्यूज़ ऑन एयर। सर्वाधिकार सुरक्षित
आगंतुकों: 5546033
आखरी अपडेट: 27th Jul 2024