27/12/24 | 10:03 am | Cold increased in Delhi

Print

दिल्ली एनसीआर में बदला मौसम का मिजाज, कई इलाकों में बारिश, ठंड बढ़ी

दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में आज शुक्रवार सुबह से हल्की बारिश हो रही है जिससे ठंड बढ़ गई है। भारतीय मौसम विभाग ने बताया कि बारिश की वजह सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ है जो पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानी इलाकों में ठंड लेकर आया है। आज दिनभर बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। तापमान अधिकतम 20 डिग्री और न्यूनतम 11 डिग्री तक रहेगा।

मौसम विभाग के मुताबिक, 28 और 29 दिसंबर को भी बारिश जारी रहेगी। कई इलाकों में मध्यम कोहरा छाने की संभावना है। इसके साथ ही न्यूनतम तापमान 11 डिग्री तक पहुंच सकता है और अधिकतम तापमान 23 डिग्री तक बना रहेगा। 29 दिसंबर से तापमान में फिर गिरावट होगी। उस दिन न्यूनतम तापमान 8 डिग्री और अधिकतम 21 डिग्री रहने की उम्मीद है।

पश्चिमी विक्षोभ के चलते अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से भारी नमी आ रही है, जिससे पंजाब और हरियाणा सहित कई राज्यों में बारिश और ठंड बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने 27 से 29 दिसंबर तक दिल्ली-एनसीआर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। बारिश और कोहरे के बाद तापमान में गिरावट होगी और सर्दी और ज्यादा महसूस होगी। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर भी मैदानी इलाकों में ठिठुरन बढ़ा रहा है। (आईएएनएस)