मानसून की विदाई का दौर शुरू होने के साथ ही एक बार फिर एनसीआर के मौसम का मिजाज बदलता दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में आज और कल बारिश होने की संभावना है। इस दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे और कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। मौसम में बदलाव का सीधा असर अधिकतम तापमान पर देखने को मिलेगा और आने वाले दिनों में दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।
मौसम विभाग के स्थानीय पूर्वानुमान के अनुसार, 31 अगस्त को अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस दिन आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा। मौसम विभाग ने 31 अगस्त के लिए फिलहाल कोई चेतावनी जारी नहीं की है। इसके बाद 1 सितंबर को मौसम में बदलाव और अधिक स्पष्ट हो सकता है। इस दिन अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। आसमान सामान्य रूप से बादलों से घिरा रहेगा और हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है।
वहीं, 2 सितंबर को तापमान में और गिरावट का अनुमान है। अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। इस दिन सामान्य रूप से बादल छाए रहने के साथ मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। 3 और 4 सितंबर को भी मौसम राहत देने वाला रह सकता है। दोनों दिनों में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दोनों दिन सामान्य रूप से बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। 5 सितंबर को बारिश की संभावना कम होने और मौसम के आंशिक रूप से बादलों से घिरे रहने का अनुमान है। इस दिन अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। (इनपुट-आईएएनएस)


