मुंबई में फिर बदला मौसम का मिजाज, रुक-रुक कर बारिश से उमस और गर्मी से राहत

मुंबई में कुछ समय की राहत के बाद मंगलवार सुबह से रुक-रुक कर बारिश जारी है, जिससे उमस और गर्मी से लोगों को राहत मिली है। सुबह के समय आसमान में बादल छाए रहे। शहर और उपनगरों के कुछ हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी से लेकर थोड़े समय के लिए तेज बारिश हुई। बारिश से उमस कम हुई और लोगों को राहत मिली। पिछले सप्ताह बारिश की तीव्रता कम होने और बीते कुछ दिनों में लगभग बारिश नहीं होने के बाद यह राहत मिली है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिन में मुंबई और उसके उपनगरों में आमतौर पर बादल छाए रहने तथा हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के अनुसार, मुंबई के पास अरब सागर में पूर्वाह्ल 11 बजकर पांच मिनट पर 4.44 मीटर ऊंची लहरें उठ सकती हैं। इसके बाद शाम पांच बजकर तीन मिनट पर 1.59 मीटर लहरें उठने के आसार हैं। 

पश्चिमी घाट और उत्तरी तटीय तमिलनाडु में मध्यम बारिश के आसार, 16 अगस्त तक अलर्ट

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने मंगलवार को पश्चिमी घाट से सटे जिलों और उत्तरी तटीय तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और तेज हवाओं के साथ मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, तमिलनाडु के तटीय इलाकों में निचले वायुमंडलीय स्तर पर एक ‘ट्रफ’ (कम दबाव का क्षेत्र) बना हुआ है, जिससे राज्य के कई हिस्सों में बारिश के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं। इसके असर से पश्चिमी घाट और उत्तरी तटीय तमिलनाडु के जिलों में दिन के दौरान कुछ जगहों पर मध्यम बारिश होने की उम्मीद है। कुछ इलाकों में तेज सतही हवाओं के साथ आंधी-तूफान और बिजली कड़कने की भी संभावना है।

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने कहा कि पश्चिमी घाट के जिलों में बारिश का यह दौर अगले कई दिनों तक जारी रहने की उम्मीद है और 16 अगस्त तक कुछ जगहों पर मध्यम बारिश हो सकती है। आंधी-तूफान की आशंका वाले इलाकों में रहने वाले लोगों को बिजली कड़कने और तेज हवाओं के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है। साथ ही, उत्तरी आंतरिक तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में तापमान बढ़ने की संभावना है।

मौसम विभाग ने कहा कि 14 अगस्त तक इस क्षेत्र में अधिकतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। चेन्नई और उसके आसपास के इलाकों में दिन के दौरान आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की उम्मीद है और शाम या रात तक बारिश के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन सकती हैं। शहर और उपनगरों के कुछ हिस्सों में आंधी-तूफान और बिजली कड़कने के साथ मध्यम बारिश होने की संभावना है। यह पूर्वानुमान तमिलनाडु में पिछले 24 घंटों के दौरान कई जगहों पर अच्छी बारिश दर्ज किए जाने के बाद आया है।

वहीं, सोमवार सुबह 8.30 बजे तक की 24 घंटे की अवधि में दर्ज आंकड़ों के अनुसार, शिवगंगा जिले के वेधियारेन्डल में सबसे अधिक 5 सेमी बारिश हुई। इसी अवधि में थूथुकुडी जिले के तिरुचेंदूर, विरुधुनगर जिले के अरुप्पुकोट्टई और मदुरै जिले के शोलावनंदन में 4-4 सेमी बारिश दर्ज की गई। लगातार हो रही बारिश से राज्य के कुछ हिस्सों में चल रही गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है, हालांकि आंतरिक जिलों में अगले कुछ दिनों तक दिन के समय अधिक गर्मी महसूस हो सकती है। मौसम की स्थिति अस्थिर रहने की उम्मीद है, खासकर पश्चिमी घाट क्षेत्र में, क्योंकि निचले स्तर का वायुमंडलीय ट्रफ तमिलनाडु को प्रभावित कर रहा है।(इनपुट-आईएएनएस/ भाषा)