एनसीआर में बदलेगा मौसम, अगले तीन दिन आंधी-बारिश के आसार

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के लोगों को भीषण गर्मी और उमस से जल्द राहत मिलने वाली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के स्थानीय मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले तीन दिनों तक एनसीआर में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। हालांकि मौसम विभाग ने फिलहाल किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की है, लेकिन बारिश और तेज हवाओं के चलते तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज होने की उम्मीद है।

अगले तीन दिन बारिश और तेज हवाओं के आसार

मौसम विभाग के अनुसार 19 जून को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस दौरान आंधी और बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। ह्यूमिडिटी का स्तर अधिकतम 60% और न्यूनतम 45% रहने की संभावना है।

20 जून को तापमान में 4 डिग्री की गिरावट

20 जून को मौसम और अधिक सुहावना होने की उम्मीद है। अधिकतम तापमान में सीधी 4 डिग्री की गिरावट दर्ज होने के साथ यह 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस दिन भी गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। आर्द्रता का स्तर अधिकतम 65% और न्यूनतम 45% रह सकता है।

21 जून को भी बना रहेगा राहत का दौर

21 जून को भी मौसम का यही रुख बने रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। बारिश और बादलों की आवाजाही के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। इस दिन आर्द्रता का स्तर अधिकतम 70% और न्यूनतम 50% रहने का अनुमान है।

22 जून से बारिश में कमी के संकेत

मौसम विभाग के अनुसार 22 जून से बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी आ सकती है और आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा। इस दिन अधिकतम तापमान 38 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं, आर्द्रता अधिकतम 70% और न्यूनतम 40% दर्ज हो सकती है।

सप्ताह के अंत तक फिर बढ़ सकता है तापमान

23 जून को अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने इस दिन भी आंशिक रूप से बादल छाए रहने का पूर्वानुमान जताया है। वहीं, 24 जून को तापमान में फिर हल्की बढ़ोतरी हो सकती है। अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। हालांकि आसमान में बादलों की मौजूदगी बनी रहेगी और मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रहेगा।

एक सप्ताह तक बदलता रहेगा मौसम

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले एक सप्ताह तक एनसीआर में मौसम लगातार करवट लेता रहेगा। बीच-बीच में बारिश, तेज हवाएं और बादलों की आवाजाही गर्मी के असर को कम करेंगी। खास बात यह है कि 19 जून के 41 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले अगले 24 घंटे में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे लोगों को 4 से 5 डिग्री तक राहत महसूस होगी। (इनपुट: आईएएनएस)