असम में सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू हो चुकी है। राज्य विधानसभा की 126 सीटों के चुनाव नतीजे सोमवार शाम तक घोषित होंगे।
126 विधानसभा क्षेत्रों में 722 उम्मीदवारों की किस्मत का सोमवार को फैसला होगा। पार्टी उम्मीदवार, उनके पर्यवेक्षक और समर्थक 35 जिलों में बने 40 मतगणना केंद्रों पर अपनी नजरें गड़ाए बैठे हैं।
9 अप्रैल को हुए चुनावों में असम में 85.91 प्रतिशत की ऐतिहासिक मतदाता भागीदारी दर्ज की गई। साथ ही 86.5 प्रतिशत के साथ महिला मतदाताओं की अब तक की सबसे अधिक भागीदारी भी दर्ज की गई।
सत्ताधारी भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए के मुख्य घटक असम गण परिषद (एजीपी) और बोडो पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) हैं। जहां भाजपा ने 90 उम्मीदवार उतारे हैं, वहीं एजीपी और बीपीएफ के क्रमशः 26 और 11 उम्मीदवार मैदान में हैं।
विपक्षी गठबंधन में कांग्रेस के 99 उम्मीदवार, रायजोर दल के 13, असम जातीय परिषद के 10, माकपा के तीन, और ऑल पार्टी हिल लीडर्स कॉन्फ्रेंस (एपीएचएलसी) के दो उम्मीदवार शामिल हैं।
एआईयूडीएफ ने 30 उम्मीदवार उतारे, जबकि आम आदमी पार्टी और यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल (यूपीपीएल) ने 18-18 सीटों पर, तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने 22 सीटों पर, और झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) ने 16 सीटों पर चुनाव लड़ा। इसके अलावा, 258 निर्दलीय उम्मीदवार भी मैदान में हैं।
(इनपुट-आईएएनएस)


