प्रतिक्रिया | Friday, March 14, 2025

  • Twitter
  • Facebook
  • YouTube
  • Instagram

महिला दिवस 2025: राष्ट्रीय महिला आयोग खोलेगा प्री-मैरिटल काउंसलिंग केंद्र ‘तेरे मेरे सपने’ सेंटर 

विवाह से पूर्व परामर्श के लिए राष्ट्रीय महिला आयोग एक अनूठी पहल करने जा रहा है। आयोग आठ मार्च यानि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर शनिवार को देश के नौ राज्यों में विवाह पूर्व परामर्श के लिए “तेरे मेरे सपने” नाम से सेंटर की शुरुआत कर रहा है।

राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने बताया कि इस नई पहल की शुरुआत 9 राज्यों में 21 सेंटर के साथ हो रही है। सफल विवाह के लिए दो जोड़ों को इस रिश्ते के तमाम पहलुओं को जानना आवश्यक होता है। विवाह सिर्फ दो लोगों तक ही सीमित नहीं होता बल्कि उसमें दो परिवार शामिल होते हैं। कई सामाजिक पहलू होते हैं, जिसे समझा जाना चाहिए। खुशहाल वैवाहिक जीवन हो, इसके लिए अगर शादी से पहले ही दोनों लोगों को परामर्श दिया जाए तो इसे एक सफल योजना कहा जा सकता है। इसी सोच के साथ आयोग परामर्श केन्द्र खोलने जा रहा है। इसके लिए दिल्ली में परामर्शकर्ताओं को ट्रेनिंग दी जा चुकी है।

विजया रहाटकर ने बताया कि तेरे मेरे सपने केंद्र को स्थापित करने से पहले पिछले महीने पुणे में एक कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें देशभर से विभिन्न विषयों के परामर्शदाताओं ने भाग लिया था। इन केंद्रों में क्या क्या विषय लिये जा सकते हैं और परामर्शदाताओं के लिए क्या क्या विषय हो सकते हैं उस पर बारीकी से विचार किया गया। एक सिलेबस तैयार किया गया है, जिसे महिला दिवस पर केन्द्रों में जारी किया जाएगा। इन केंद्रों पर सलाह प्रदान करने वालों को नई दिल्ली में दो दिवसीय सम्मेलन में सिलेबस के साथ ट्रेनिंग दी जा चुकी है। यह सरकार की सहायता से संचालित किया जाएगा।

विजया रहाटकर ने बताया कि यह केंद्र 9 राज्यों में खोले जाएंगे। इसमें राजस्थान( बीकानेर, उदयपुर), मध्य प्रदेश(भोपाल), महाराष्ट्र (नासिक, जालना, लातूर, गोरेगांव) हरियाणा (गुरुग्राम), ओडिशा, नई दिल्ली, तिरुवंतपुरम शामिल हैं। इसके साथ आवश्यकता के अनुसार इसे विस्तारित किया जाएगा। इन केंद्रों के प्रचार प्रसार के लिए होर्डिंग और पैम्पलेट वितरित किए जाएंगे। यह सेंटर जिला कलेक्टर के माध्यम से खोले जाएंगे। आने वाले दिनों में इसके बारे में कॉलेज में भी सेमिनार किए जाएंगे।

आगंतुकों: 20179939
आखरी अपडेट: 14th Mar 2025