अमेरिकी प्रौद्योगिकी कंपनी माइक्रोसॉफ्ट ने बुधवार को अपने वार्षिक तकनीकी सम्मेलन ‘इग्नाइट’ में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से जुड़े कई नए उत्पादों, मॉडल और बुनियादी ढांचे में सुधार की घोषणा की।
कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सत्य नडेला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कंपनी की योजना साझा करते हुए कहा कि माइक्रोसॉफ्ट एआई तकनीक की प्रगति को कारोबार और आम उपयोगकर्ताओं के लिए वास्तविक परिणामों में बदलना चाहती है। यह घोषणा कंपनी की ओर से माइक्रोसॉफ्ट 365 में आई बड़ी वैश्विक सेवा बाधा के कारणों का खुलासा किए जाने के कुछ दिनों बाद हुई है।
नडेला ने लिखा कि इग्नाइट में की जा रही घोषणाओं का उद्देश्य तकनीकी प्रगति को लोगों, संगठनों और पूरे समाज के लिए वास्तविक लाभ और नए अवसरों में बदलना है।
घोषणाओं में सबसे प्रमुख ‘कोपायलट वर्कस्पेस’ रहा। यह एक ऐसा प्लेटफॉर्म है, जहां लोग और एआई एजेंट साझा जानकारी और संदर्भ के आधार पर एक-दूसरे के साथ मिलकर समान उद्देश्यों को हासिल करने के लिए काम कर सकेंगे।
कंपनी ने माइक्रोसॉफ्ट-डिसीजन 1.1, कोड 2 और साइबर 2 फ्लैश सहित कई नए एआई मॉडल भी पेश किए। माइक्रोसॉफ्ट के अनुसार, साइबर 2 फ्लैश कम लागत पर उन्नत एआई मॉडल से बेहतर सुरक्षा क्षमताएं प्रदान करता है।
इसके अलावा, कंपनी ने अपने मॉडल इकोसिस्टम का विस्तार करते हुए ओपनएआई के जीपीटी-6.2 को अपने फाउंड्री प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराया और मेटा के नवीनतम मॉडल भी इसमें शामिल किए।
माइक्रोसॉफ्ट ने ‘एजेंट 365 बिजनेस एनालिटिक्स’ भी पेश किया। नडेला ने इसे एआई के लिए ईआरपी सिस्टम बताया। इसकी मदद से कंपनियां एआई पर होने वाले खर्च को कारोबारी परिणामों से जोड़ सकेंगी और निवेश से मिलने वाले लाभ को बेहतर बना सकेंगी।
नडेला ने बताया कि ‘माइक्रोसॉफ्ट परसेप्शन’ अब आम उपलब्धता के लिए जारी कर दिया गया है। इसके जरिए सुरक्षा टीमें और एआई एजेंट मिलकर खतरों की पहचान कर सकेंगे और मशीन की गति से उनका जवाब दे सकेंगे।
कंपनी ने ‘एआई ट्रांसपेरेंसी इनिशिएटिव’ की भी शुरुआत की। माइक्रोसॉफ्ट के मुताबिक, वह जवाबदेह, सत्यापन योग्य और सुरक्षित एआई सिस्टम के लिए खुले मानक विकसित करने के उद्देश्य से 40 से अधिक संगठनों के साथ काम कर रही है।
इसके साथ ही माइक्रोसॉफ्ट ने ‘होराइजनडीबी’ को भी आम उपयोग के लिए उपलब्ध कराया। यह एज्योर पर आधारित वितरित पोस्टग्रेएसक्यूएल डेटाबेस सेवा है। कंपनी का दावा है कि यह स्वयं प्रबंधित पोस्टग्रेएसक्यूएल सेवाओं की तुलना में आठ गुना तक बेहतर प्रदर्शन दे सकती है।
नडेला ने कहा कि माइक्रोसॉफ्ट बड़े पैमाने पर काम करने वाले एआई एजेंटों की जरूरतों को पूरा करने के लिए एज्योर की प्रमुख कंप्यूटिंग, स्टोरेज और नेटवर्किंग सुविधाओं की संरचना में भी बदलाव कर रही है।
कंपनी ने विभिन्न उद्योगों में अपने ग्राहकों और साझेदारों के साथ सहयोग का भी उल्लेख किया। इनमें अलास्का एयर, एटीएंडटी, ब्लैकरॉक, बीएनवाई, शेवरॉन, एपिक, पब्लिसिस ग्रुप, सेल्सफोर्स और यूनिलीवर शामिल हैं।
ये घोषणाएं माइक्रोसॉफ्ट 365 में आई बड़ी वैश्विक सेवा बाधा के एक सप्ताह से भी कम समय बाद हुई हैं। इस व्यवधान से टीम्स, वनड्राइव, शेयरपॉइंट और ऑफिस एप्लिकेशन जैसी सेवाएं प्रभावित हुई थीं।
माइक्रोसॉफ्ट ने बताया था कि इस व्यवधान के पीछे सॉफ्टवेयर की एक छिपी हुई खामी, ट्रैफिक में अचानक बढ़ोतरी और उपलब्ध सर्वर क्षमता में कमी जैसे कारण थे।
-(इनपुटः आईएएनएस)


