WTDC-25: भारत ने वैश्विक डिजिटल एकता का किया आह्वान

भारत ने सोमवार को बाकू में आयोजित विश्व दूरसंचार विकास सम्मेलन (WTDC-25) में दुनिया के सबसे बड़े डिजिटल समावेशन अभियान को प्रदर्शित किया और देशों से सुरक्षित, समावेशी और टिकाऊ डिजिटल भविष्य के लिए सहयोग बढ़ाने का आह्वान किया। केंद्रीय संचार और ग्रामीण विकास राज्यमंत्री डॉ. पेम्मासानी चंद्र शेखर ने सम्मेलन के उच्च-स्तरीय सत्र को संबोधित करते हुए भारत का विज़न पेश किया।

मंत्री ने कहा कि भारत का मार्गदर्शक सिद्धांत “वसुधैव कुटुम्बकम — विश्व एक परिवार है” वैश्विक डिजिटल एकता का मजबूत आधार है। उन्होंने बताया कि भारत 1869 से अंतरराष्ट्रीय दूरसंचार संघ (ITU) का विश्वसनीय साझेदार रहा है।

डॉ. चंद्र शेखर ने कहा कि भारत दुनिया के सबसे अधिक कनेक्टेड समाजों में शामिल है, जहाँ 1.2 अरब टेलीकॉम ग्राहक, 1 अरब इंटरनेट उपयोगकर्ता और 1.4 अरब डिजिटल पहचानें मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि भारत ने 4.8 अरब डॉलर की निवेश राशि से दूरदराज क्षेत्रों तक 4G का विस्तार किया और दुनिया में सबसे तेजी से 5G रोलआउट करते हुए 99% जिलों तक 5G कवरेज पहुंचा दी।

उन्होंने कहा कि दुनिया के सबसे कम डेटा शुल्क, सबसे अधिक डेटा खपत और वैश्विक डिजिटल लेनदेन में 46% हिस्सेदारी के साथ भारत ने यह साबित किया है कि पहुँच, affordability और बड़े पैमाने पर सेवा—तीनों को एक साथ हासिल किया जा सकता है।

साइबर सुरक्षा पर बात करते हुए मंत्री ने भारत की नागरिक-केंद्रित सुरक्षा प्रणालियों का उल्लेख किया, जिनमें संचार साथी और वित्तीय धोखाधड़ी जोखिम संकेतक शामिल हैं। इनकी मदद से अब तक 3 करोड़ फर्जी मोबाइल कनेक्शन ब्लॉक किए गए हैं और 66 लाख वित्तीय धोखाधड़ी प्रयासों को रोका गया है। उन्होंने कहा, “साइबर सुरक्षा अब सिर्फ राष्ट्रीय मुद्दा नहीं, बल्कि वैश्विक अनिवार्यता है। भारत हर डिजिटल उपयोगकर्ता की सुरक्षा के लिए सहयोगात्मक माहौल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।”

मंत्री ने सभी देशों से मिलकर वैश्विक डिजिटल एकता को मजबूत करने की अपील की। उन्होंने कहा, “जैसे नदियाँ मिलकर और भी शक्तिशाली हो जाती हैं, वैसे ही भारत दुनिया के साथ मिलकर ऐसा डिजिटल वातावरण बनाना चाहता है जहाँ कोई देश पीछे न रह जाए।”

WTDC-25 क्या है?

विश्व दूरसंचार विकास सम्मेलन (WTDC), ITU-D द्वारा आयोजित एक वैश्विक मंच है, जिसका उद्देश्य दूरसंचार और डिजिटल कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए प्राथमिकताएँ तय करना है। इसमें सरकारें, उद्योग जगत के नेता और विशेषज्ञ नई नीतियों और रणनीतियों पर सहमति बनाते हैं। बाकू में शुरू हुआ WTDC-25, सार्वभौमिक, सार्थक और किफायती कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने के लिए वैश्विक डिजिटल कार्यक्रमों की दिशा तय करेगा।

RELATED ARTICLES