प्रतिक्रिया | Thursday, September 19, 2024

नेपाल व सीमावर्ती राज्यों पर ‘मित्र वन’ बसाएगी योगी सरकार

योगी सरकार वृक्षारोपण जन अभियान के तहत पड़ोसी देश नेपाल व यूपी के सीमावर्ती राज्यों पर ‘मित्र वन’ बसाएगी। इसके लिए 35 वन प्रभागों द्वारा स्थानों का चयन कर लिया गया है। मुख्यमंत्री योगी के निर्देश पर 35 करोड़ पौधरोपण के साथ ही हरीतिमा बढ़ाने के लिए वन विभाग सीमावर्ती राज्यों पड़ोसी देश नेपाल के साथ भी समन्वय स्थापित कर रहा है। यही नहीं, सीमाओं पर यूपी की जमीन में पौधरोपण के साथ ही वन विभाग दूसरे राज्यों के गणमान्यों को इस महाभियान से जोड़ेगा।

वृक्षारोपण जन अभियान में 35 सीमावर्ती राज्यों पर होगा पौधारोपण

वृक्षारोपण जन अभियान की शुरुआत 20 जुलाई से होगी इसके लिए वन विभाग वृक्षारोपण जन अभियान-2024 की सफलता में जुट गया है। सीमावर्ती जनपदों से लगने वाले 35 जनपदों में भी इसकी तैयारियां पुरजोर ढंग से की जा रहीं हैं। सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, बलिया, गाजीपुर, चंदौली, सोनभद्र, मीरजापुर, प्रयागराज, चित्रकूट, बांदा, महोबा, झांसी, ललितपुर, जालौन, इटावा, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, नोएडा, गाजियाबाद, बागपत व शामली में व्यापक पौधरोपण कार्यक्रम की तैयारियां की जा चुकीं हैं।

पड़ोसी राष्ट्र नेपाल के समीप पौधरोपण जन अभियान चलाएगी योगी सरकार

योगी सरकार की नई पहल ‘मित्र वन’ को बसाने के प्रयास में वन विभाग जुट गया है। इसके लिए सीमावर्ती राज्यों के साथ ही मित्र राष्ट्र नेपाल के समीप भी पौधरोपण महाभियान चलाने की कार्रवाई होगी।। वन विभाग इस बार नेपाल के बॉर्डर वाले सोनौली महराजगंज, लखीमपुर खीरी, श्रावस्ती, बहराइच, पीलीभीत समेत सभी जनपदों की सीमाओं पर भी ‘मित्र वन’ स्थापित करेगी। यहां पौधरोपण के दौरान न सिर्फ उत्तर प्रदेश के जनप्रतिनिधि, बल्कि पड़ोसी देश से भी समन्वय स्थापित कर उन्हें इस कार्यक्रम से जोड़ने की पहल की जाएगी।

प्रधान मुख्य वन संरक्षक व विभागाध्यक्ष सुधीर कुमार शर्मा ने 35 वन प्रभागों द्वारा मित्र वन स्थापना के लिए स्थान का चयन करते हुए पड़ोसी देश नेपाल व सीमावर्ती राज्य के गणमान्य अतिथियों से कराए जाने वाले पौधरोपण के लिए पौध प्रजातियों को चिह्नित करने का भी निर्देश दिया है।

अपर मुख्य वन संरक्षक पीपी सिंह ने बताया कि वृक्षारोपण जन अभियान-2024 के तहत इस बार ‘मित्र वन’ की स्थापना की जाएगी। यूपी से सटे बिहार, उत्तराखंड, दिल्ली, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान समेत सभी राज्यों के आसपास मित्र वन स्थापित होंगे। इसके लिए विभाग ने सारी तैयारी भी कर ली है। सीएम योगी के निर्देश पर 35 करोड़ पौधरोपण के लिए नर्सरी में पौधे भी तैयार हो गए हैं। मित्र वन बसाने और उसे समृद्ध बनाने के लिए संबंधित प्रभागों के डीएफओ को निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं।

कॉपीराइट © 2024 न्यूज़ ऑन एयर। सर्वाधिकार सुरक्षित
आगंतुकों: 8265877
आखरी अपडेट: 19th Sep 2024