29/12/23 | 4:03 pm

Print

गुजरात में 12वें दिव्य कला मेले की हुई शुरुआत,देशभर के दिव्यांग उद्यमियों को मिलेगा बढ़ावा 

दिव्यांग व्यक्तियों के आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए दिव्य कला मेले का 12वां संस्करण आज से गुजरात के सूरत में शुरू होने जा रहा है। इसे सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के तहत आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य देश भर के दिव्यांग उद्यमियों और कारीगरों के उत्पादों और शिल्प कौशल को एक उचित मंच प्रदान करना है। 

29 दिसंबर 2023 से 7 जनवरी 2024 तक चलने वाले 10-दिवसीय कार्यक्रम में करीब 20 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लगभग 100 दिव्यांग कारीगर और उद्यमी शामिल होंगे। जिसमें होम डेकोर, कपड़े, स्टेशनरी, पर्यावरण,अनुकूल उत्पाद, पैकेज्ड फूड,ऑर्गेनिक उत्पाद,खिलौने,उपहार और आभूषण और क्लच बैग जैसे व्यक्तिगत सहायक उपकरणों सहित विविध उत्पादों का प्रदर्शन किया जायेगा। 

वोकल फाॅर पर लोकल पर जोर 

दिव्य कला मेला दिव्यांगजनों की शिल्प उत्पादों के क्रय-विक्रय और प्रदर्शन के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करता है,जो उन्हें आर्थिक सशक्तिकरण के लिए एक अनूठा अवसर प्रदान करता है। जम्मू-कश्मीर, उत्तर पूर्वी राज्यों सहित देश के विभिन्न हिस्सों से जीवंत उत्पादों को एक साथ लाकर, यह आयोजन 'स्थानीय उत्पादों के लिए मुखर' पहल को बढ़ावा देता है। 

दिव्य कला मेले का 12 वां संस्करण 

2022 में शुरू हुआ कार्यक्रम का यह 12वां संस्करण है, जिसके पिछले संस्करण दिल्ली,मुंबई, भोपाल, गुवाहाटी, इंदौर, जयपुर, वाराणसी, सिकंदराबाद, बेंगलुरु, चेन्नई और पटना जैसे प्रमुख शहरों में आयोजित किए गए थे। सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय ने 2023-2024 के दौरान देश भर के विभिन्न शहरों में 'दिव्य कला मेला' आयोजित करने की योजना बनाई है। बता दें कि इन दिव्य कला मेलों का ब्रांडिंग, उत्पाद विकास और दिव्यांगजनों के उत्पादों को बाजार लाभ प्रदान करने में महत्वपूर्ण योगदान है। इन प्रसिद्ध मेलों में बड़ी संख्या में लोग शामिल होते हैं, जिसके कारण दिव्यांगजनों के कौशल को जनता तक पहुंचाना आसान हो जाता है।

10-दिवसीय कार्यक्रम में न केवल उत्पादों का प्रदर्शन होगा,बल्कि सांस्कृतिक गतिविधियों का भी आयोजन किया जाएगा। जिसमें दिव्यांग कलाकारों और जाने-माने कलाकारों के द्वारा मेले में आने वाले लोगों का मनोरंजन करेंगे। 10 दिवसीय यह कार्यक्रम सुबह 11:00 बजे से शुरू होकर रात 9:00 बजे तक चलेगा,कार्यक्रम में विविध प्रकार के क्षेत्रीय व्यंजनों का स्वाद लेने का भी मौका मिलेगा। इस कार्यक्रम के उद्घाटन में केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री डाॅ वीरेंद्र कुमार के साथ-साथ कई अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहेंगे। 12वां दिव्य कला मेला-2023 दिव्यांग उद्यमियों की भावना, रचनात्मकता को उजागार करने वाला कार्यक्रम है,जो सभी को इस अनूठे उत्सव का हिस्सा बनने और हमारे समाज के एक जीवंत वर्ग के आर्थिक सशक्तिकरण में योगदान करने के लिए आमंत्रित करता है।