01/03/24 | 9:42 pm

Print

रायबरेली में आठ राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास, क्षेत्र में कनेक्टिविटी का होगा विस्तार

केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के रायबरेली में 4142 करोड़ रुपये की आठ राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इसकी जानकारी उन्होंने एक्स हैंडल पर साझा की।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने एक्स पोस्ट पर लिखा कि गंगा, यमुना और सरस्वती के पवित्र संगम पर स्थित, प्रयागराज, रायबरेली और सुल्तानपुर जैसे जिलों का धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व है। परियोजनाओं के माध्यम से 424 किमी लंबी सड़कें एवं अन्य विकास कार्य किए जाएंगे।

केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से इस पूरे क्षेत्र में ट्रैफिक जाम और प्रदूषण से मुक्ति मिलेगी वहीं प्रदेश और देश के दूसरे इलाकों से कनेक्टिविटी और भी बेहतर होगी। क्षेत्र के आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा तथा रोजगार और उद्यम के नए अवसरों का सृजन होगा।

इस अवसर पर राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, प्रयागराज सांसद केसरी देवी पटेल, सांसद संगम लाल गुप्ता, वीरेन्द्र तिवारी सहित प्रदेश के मंत्री एवं सांसद, विधायक एवं अधिकारी भी उपस्थित थे।