प्रतिक्रिया | Sunday, April 20, 2025

  • Twitter
  • Facebook
  • YouTube
  • Instagram

बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान पर हुए हमले के बाद मुंबई पुलिस ने जांच के लिए 15 पुलिस टीमें गठित की हैं। इनमें मुंबई पुलिस अपराध शाखा की 8 टीम और मुंबई पुलिस की 7 टीम अलग-अलग एंगल से मामले की छानबीन कर रही हैं। इनमें से एक टीम को मुंबई के बाहर भेजा गया है। हमले के बाद सैफ अली खान का लीलावती अस्पताल में डॉ. नितिन डांगे और डॉ. लीना जैन की देखरेख में उपचार चल रहा है। राज्य सरकार ने कहा है कि जल्द ही हमलावर गिरफ्त में होंगे।

क्या थी घटना
पुलिस उपायुक्त दीक्षित गेडाम ने बताया कि इस मामले में तीन नौकरों से पूछताछ की जा रही है। इन तीनों का मोबाइल पुलिस ने जब्त कर लिया है। अब तक की जानकारी के अनुसार हमलावर सैफ अली खान के बेटे जहांगीर के बेडरूम में छिपा था। उसे देखने के बाद नौकरानी ने शोर मचाना शुरू कर दिया। इसकी भनक लगते ही सैफ अली खान अपने बेडरूम से बाहर आए। इसके बाद हमलावर ने नौकरानी और सैफ अली खान पर हमला कर दिया था। इस घटना में घायल सैफ अली खान और नौकरानी का इलाज चल रहा है।

पूछताछ कर मामले की छानबीन शुरू
इस घटना की सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच के अधिकारी दया नायक मौके पर पहुंचे और पूछताछ कर मामले की छानबीन शुरू कर दी। इसके अलावा फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर छानबीन की है। विपक्ष ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। विपक्ष ने कहा कि जब इतनी बड़ी सुरक्षा में रहने वाले फिल्म स्टार सुरक्षित नहीं हैं, तो आम व्यक्ति की सुरक्षा तो राम भरोसे ही है। इस पर गृहराज्य मंत्री योगेश कदम ने कहा कि घटना की छानबीन की जा रही है। बहुत जल्द आरोपित पुलिस की गिरफ्त में होगा।

साढ़े तीन बजे पहुंचे अस्पताल
इससे पहले फिल्म अभिनेता सैफ अली खान बांद्रा स्थित अपने घर पर घुसे अज्ञात व्यक्ति के चाकू के हमले में घायल हो गए हैं। उन्हें लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
लीलावती अस्पताल के सीओओ डॉ. नीरज उत्तभानी ने बताया कि सैफ को उनके यहां तड़के साढ़े तीन बजे लाया गया। उनके शरीर पर छह जख्म मिले हैं। रीढ़ की हड्डी और गले के पास गहरी चोट है। सुबह साढ़े पांच बजे उनकी सर्जरी की गई। वह खतरे से बाहर हैं। पुलिस का कहना है कि उनके निजी सुरक्षागार्डों और निजी स्टाफ के सदस्यों के मोबाइल फोन की जांच की जा रही है।

फिल्म अभिनेता सैफ अली खान का बांद्रा की सतगुरु शरण बिल्डिंग में आलीशान थ्री बेडरूम अपार्टमेंट है। इसमें छत, बालकनी और स्विमिंग पूल भी है। इस अपार्टमेंट में सैफ करीना कपूर खान और बच्चे तैमूर और जेह भी उनके साथ रहते हैं।

आगंतुकों: 23922654
आखरी अपडेट: 20th Apr 2025