Print

कोयला खदानों की 15वीं नीलामी 17 अप्रैल से शुरू, ऊर्जा सुरक्षा पर सरकार का फोकस

देश में कोयला उत्पादन बढ़ाने और ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से कोयला मंत्रालय 17 अप्रैल को वाणिज्यिक कोयला खदानों की नीलामी का 15वां दौर शुरू करेगा। इस मौके पर मुंबई में एक अहम स्टेकहोल्डर कंसल्टेशन भी आयोजित किया जाएगा।

इस बैठक का थीम “आत्मनिर्भर भारत: ऊर्जा सुरक्षा के लिए कोयला” रखा गया है, जिसमें सेक्टर से जुड़े प्रमुख हितधारक हिस्सा लेंगे। कोयला सचिव विक्रम देव दत्त इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

मंत्रालय के अनुसार, इस दौर में पूरी तरह और आंशिक रूप से खोजे गए नए कोयला ब्लॉकों की पेशकश की जाएगी, जिससे स्थापित कंपनियों के साथ-साथ नए और तकनीक आधारित निवेशकों को भी भाग लेने का मौका मिलेगा।

सरकार का यह कदम घरेलू कोयले की उपलब्धता बढ़ाने, आयात पर निर्भरता घटाने और कारोबार में आसानी को बढ़ावा देने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
गौरतलब है कि साल 2020 में शुरू किए गए वाणिज्यिक कोयला खनन सुधारों के बाद से इस सेक्टर को निजी कंपनियों के लिए खोला गया है। इसके तहत पारदर्शिता बढ़ाने, प्रतिस्पर्धा को मजबूत करने और सभी के लिए समान अवसर सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है।

मंत्रालय ने बताया कि इस पहल से कोयला उत्पादन में बढ़ोतरी हुई है और बिजली, इस्पात और सीमेंट जैसे प्रमुख उद्योगों को स्थिर आपूर्ति सुनिश्चित हुई है।

15वां नीलामी दौर सेक्टर में निवेश को बढ़ावा देने, रोजगार के अवसर पैदा करने और देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में अहम भूमिका निभाएगा। यह पहल सरकार के ‘आत्मनिर्भर भारत’ विजन के तहत ऊर्जा क्षेत्र को मजबूत बनाने की दिशा में एक और कदम है।

(इनपुट- PIB)