भारतीय नौसेना 3 से 5 नवंबर तक नई दिल्ली में हिंद-प्रशांत क्षेत्रीय संवाद (आईपीआरडी) 2026 का आयोजन करेगी। तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में 18 देशों के समुद्री विशेषज्ञ, वैज्ञानिक, शिक्षाविद, नीति निर्माता और राजनयिक हिस्सा लेंगे। सम्मेलन में समुद्री चुनौतियों से निपटने के लिए विज्ञान, तकनीक और शैक्षणिक संस्थानों के बीच सहयोग बढ़ाने पर मंथन होगा।
राजनाथ सिंह करेंगे संबोधित
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सम्मेलन में शामिल होंगे और विभिन्न देशों से आए विशेषज्ञों को संबोधित करेंगे। भारत और श्रीलंका के पूर्व नौसेना प्रमुख भी अपने विचार साझा करेंगे। इस वर्ष सम्मेलन का मुख्य विषय ‘हिंद-प्रशांत क्षेत्र में विज्ञान, तकनीक और शैक्षणिक सहयोग’ रखा गया है। भारतीय नौसेना अपने प्रमुख ज्ञान सहयोगी राष्ट्रीय समुद्री फाउंडेशन के साथ मिलकर इस आयोजन का संचालन करेगी। इसका उद्देश्य समुद्री चुनौतियों के समाधान के लिए देशों के बीच साझा शोध, तकनीकी विकास और ज्ञान के आदान-प्रदान को बढ़ावा देना है।
समुद्री चुनौतियों से निपटने पर जोर
समुद्र से जुड़ी चुनौतियां अब किसी एक देश तक सीमित नहीं हैं। जलवायु परिवर्तन, समुद्री व्यापार और आपूर्ति शृंखला की सुरक्षा, समुद्री संसाधनों पर बढ़ता दबाव तथा महत्वपूर्ण समुद्री ढांचे की सुरक्षा जैसे मुद्दों से निपटने के लिए देशों के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है। इसी जरूरत को ध्यान में रखते हुए सम्मेलन में वैज्ञानिक क्षमताओं को साझा करने, शोध संस्थानों के बीच साझेदारी बढ़ाने और प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार करने के उपायों पर विचार किया जाएगा। तीन दिवसीय आयोजन में पांच प्रमुख विषयों पर आधारित पांच विशेष सत्र होंगे।
संयुक्त शोध और तकनीकी विकास पर चर्चा
विशेष सत्रों में समुद्री चुनौतियों की पहचान के साथ उनके व्यावहारिक समाधान तलाशने पर भी जोर रहेगा। संयुक्त शोध परियोजनाओं, नई तकनीकों के साझा विकास, वैज्ञानिक आंकड़ों तक उचित पहुंच और संस्थानों के बीच मजबूत साझेदारी जैसे मुद्दे चर्चा के केंद्र में होंगे। नौसेना के मुताबिक, सम्मेलन में विज्ञान, तकनीक, इंजीनियरिंग और गणित के साथ सामाजिक विज्ञान, जीवन विज्ञान और मानविकी के महत्व पर भी जोर दिया जाएगा। इसका उद्देश्य समुद्री चुनौतियों को व्यापक नजरिए से समझना और उनके समाधान के लिए विभिन्न विषयों के विशेषज्ञों को एक मंच पर लाना है।
पूर्व नौसेना प्रमुख साझा करेंगे अनुभव
सम्मेलन के पहले दिन ‘पर्सपेक्टिव्स फ्रॉम द फ्लैग ब्रिज’ नाम से एक विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा। इसमें भारत और श्रीलंका के पूर्व नौसेना प्रमुख अपने अनुभव और विचार साझा करेंगे। इसके अलावा, ‘सहयोग का संवाद’ नाम से राजदूतों की एक विशेष परिचर्चा भी होगी। तीन दिवसीय कार्यक्रम में मंत्रियों और अन्य विशिष्ट अतिथियों के विशेष संबोधन होंगे। हिंद-प्रशांत क्षेत्र के 18 देशों से आए विशेषज्ञ समुद्री सुरक्षा, वैज्ञानिक सहयोग और क्षेत्रीय साझेदारी से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार रखेंगे।
हिंद-प्रशांत में सहयोग को मिलेगी नई दिशा
हिंद-प्रशांत क्षेत्रीय संवाद भारतीय नौसेना का प्रमुख वार्षिक अंतरराष्ट्रीय रणनीतिक सम्मेलन है। इसके पिछले आयोजनों में हिंद-प्रशांत महासागर पहल (आईपीओआई) और उससे जुड़े सहयोग के क्षेत्रों पर चर्चा होती रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नवंबर 2019 में बैंकॉक में आयोजित 14वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में इस पहल की घोषणा की थी। भारत के समुद्री दृष्टिकोण ‘महासागर’ (MAHASAGAR) यानी क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास को आगे बढ़ाने के साझा विजन के तहत यह संवाद व्यापक सहयोग की रूपरेखा को ठोस कार्ययोजनाओं में बदलने का प्रयास करेगा।
सुझावों को कार्ययोजनाओं में बदलने पर जोर
सम्मेलन में सामने आने वाले सुझावों को राष्ट्रीय, उपक्षेत्रीय और पूरे हिंद-प्रशांत क्षेत्र के स्तर पर लागू किए जा सकने वाले उपायों के रूप में विकसित करने पर जोर रहेगा। इसका उद्देश्य समुद्री चुनौतियों के समाधान के लिए साझा वैज्ञानिक क्षमताओं, तकनीकी नवाचार और संस्थागत सहयोग को मजबूत करना है। (इनपुट: आईएएनएस)


