पीएम मोदी आज भूपेन हजारिका की जन्म शताब्दी समारोह के समापन कार्यक्रम में होंगे शामिल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार शाम दिल्ली स्थित भारत मंडपम में भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका की जन्म शताब्दी समारोह के समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस अवसर पर वे सभा को संबोधित भी करेंगे। एक आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी शाम 6 बजे इस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे और वहां मौजूद लोगों को संबोधित करेंगे। यह कार्यक्रम असम के महान गायक, संगीतकार, गीतकार, फिल्म निर्माता और लेखक की 100वीं जयंती के उपलक्ष्य में साल भर चले समारोहों के समापन का प्रतीक होगा। उनके योगदान ने भारत के सांस्कृतिक परिदृश्य पर एक गहरी और स्थायी छाप छोड़ी है।

भूपेन हजारिका का जन्म 8 सितंबर 1926 को असम के सदिया में हुआ था। ‘सुधाकंठ’ और ‘ब्रह्मपुत्र के गायक’ (बार्ड ऑफ द ब्रह्मपुत्र) के रूप में याद किए जाने वाले हजारिका का असम और पूरे देश के सांस्कृतिक इतिहास में एक विशेष स्थान है। एक महान गायक, संगीतकार, गीतकार, फिल्मकार और लेखक के रूप में उन्होंने अपनी रचनाओं के जरिए आम लोगों की आकांक्षाओं एवं भावनाओं को आवाज दी। असम और पूर्वोत्तर क्षेत्र की लोक परंपराओं से जुड़े, उनके संगीत ने भाषाई और भौगोलिक सीमाओं को पार करके इस क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को पूरे भारत और उसके बाहर के लोगों तक पहुंचाया।

अपने कलात्मक योगदान के अलावा हजारिका एक मानवतावादी और सामाजिक विचारक थे। उनके कार्यों ने समानता, मानवीय गरिमा, सामाजिक सद्भाव और विश्व बंधुत्व को बढ़ावा दिया। उन्होंने असम की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने और भारत की विविध सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध बनाने में भी योगदान दिया। भारतीय संगीत, सिनेमा और संस्कृति में उनके असाधारण योगदान के लिए उन्हें दादा साहब फाल्के पुरस्कार सहित कई प्रतिष्ठित सम्मान मिले। वर्ष 2019 में, उन्हें मरणोपरांत देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से विभूषित किया गया।

जन्म शताब्दी समारोह 8 सितंबर 2025 को शुरू हुआ। इस समारोह ने संगीत, साहित्य, सिनेमा और समाज के क्षेत्र में हजारिका के योगदान को फिर से जानने और समझने का अवसर प्रदान किया। इस समारोह में उनके आदर्शों की प्रासंगिकता, उनकी रचनात्मक प्रतिभा के सदाबहार आकर्षण और मानवता, सद्भाव व विश्व बंधुत्व के उनके संदेश को भी रेखांकित किया गया।(इनपुट-आईएएनएस)

RELATED ARTICLES

60 mins ago | 24x7 Uninterrupted Power Supply in India

केंद्र ने 24 घंटे बिजली आपूर्ति के लिए राज्यों को ऊर्जा भंडारण क्षमता बढ़ाने की दी सलाह

केंद्र सरकार ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को मिशन मोड में ऊर्जा भंडारण क्षमता स्थाप...

2 hours ago | 49.6 Crore People Lifted Out of Poverty in India

12 वर्षों में 49.6 करोड़ लोग गरीबी से बाहर, जानिए कैसे बदली भारत की तस्वीर

भारत में 2011 से 2023 के बीच अनुमानित 49.6 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए। इस दौरान निम्न-मध्यम आय वाले देशों ...