3,000 करोड़ लोन से 70,000 ग्रामीणों की जिंदगी में बदलाव: डिजिटल इंडिया की बड़ी उपलब्धि

डिजिटल इंडिया अभियान के तहत एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए सीएससी ई-गवर्नेंस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड (CSC SPV) ने जुलाई 2023 से अब तक ₹3,000 करोड़ से अधिक का लोन वितरण किया है। इस पहल से अब तक करीब 70,000 लोग लाभान्वित हुए हैं, जिनमें अधिकतर पहली बार लोन लेने वाले, छोटे लोन चाहने वाले और बैंकिंग सेवाओं से दूर लोग शामिल हैं।

कार्यक्रम की तेज़ प्रगति का अंदाज़ा इस बात से लगाया जा सकता है कि वित्तीय वर्ष 2023-24 में ₹86 करोड़, 2024-25 में ₹1,631 करोड़, और 2025-26 (अगस्त तक) में ₹1,300 करोड़ के लोन वितरित किए गए। इस योजना ने ग्रामीण परिवारों और छोटे कारोबारों को मज़बूती दी है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था में तेजी आई है और उद्यमिता को बढ़ावा मिला है।

5.8 लाख से अधिक ग्राम स्तर उद्यमियों (VLEs) के नेटवर्क और पिरामल फाइनेंस की साझेदारी से, सीएससी ने दूरदराज़ ग्रामीण क्षेत्रों में वंचित समुदायों को समय पर और सस्ती दरों पर लोन उपलब्ध कराए। यह लोन स्थानीय साहूकारों की तुलना में सस्ते हैं और शोषणकारी उधारी पर निर्भरता को घटाते हैं।

सीएससी एसपीवी के एमडी और सीईओ श्री संजय कुमार राकेश ने कहा,
“यह उपलब्धि हमारे साझा विज़न को दर्शाती है कि कैसे एक डिजिटल रूप से सशक्त समाज का निर्माण हो सकता है। ग्रामीण नागरिकों को वित्तीय सेवाओं से जोड़कर हम वंचित क्षेत्रों में क्रेडिट गैप को पाट रहे हैं।”

वहीं पिरामल फाइनेंस के चीफ बिजनेस ऑफिसर श्री जगदीप मल्लारेड्डी ने कहा,
“सीएससी के साथ हमारी साझेदारी ने अंतिम छोर तक क्रेडिट पहुंचाना संभव बनाया है। ₹3,000 करोड़ का आंकड़ा ग्रामीण भारत के भरोसे का प्रतीक है और हम वित्तीय समावेशन को और गहराई तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”

सीएससी ई-गवर्नेंस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड (CSC SVP)

इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के तहत एक विशेष उद्देश्य कंपनी है। यह दुनिया के सबसे बड़े डिजिटल सर्विस डिलीवरी नेटवर्क्स में से एक है। वर्तमान में 5.8 लाख से अधिक Village Level Entrepreneurs (VLEs) के माध्यम से CSC ग्रामीण इलाकों तक सरकारी और वित्तीय सेवाएं पहुँचाता है। इसका उद्देश्य डिजिटल और वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देना है।

पिरामल फाइनेंस

पिरामल फाइनेंस एक हाउसिंग फाइनेंस कंपनी है, जो National Housing Bank (NHB) से रजिस्टर्ड है। यह कंपनी पूरे देश में रिटेल और होलसेल लेंडिंग सॉल्यूशंस उपलब्ध कराती है। इसका खास फोकस Affordable Housing Loans, MSME फाइनेंसिंग और इनोवेटिव क्रेडिट मॉडल्स पर है, जिससे खासकर छोटे शहरों और ग्रामीण इलाकों में आर्थिक विकास को बढ़ावा मिल रहा है।

इस साझेदारी से उम्मीद है कि ग्रामीणों को आसान शर्तों पर लोन और वित्तीय सेवाओं का फायदा मिलेगा। साथ ही, यह पहल डिजिटल इंडिया और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक मजबूत कदम साबित होगी।

-(इनपुट : पीआईबी)

RELATED ARTICLES

5 hours ago | Buddha Purnima

बुद्ध पूर्णिमा: शांति, करुणा और आत्मज्ञान का पावन संदेश

बुद्ध पूर्णिमा का पर्व भारत सहित संपूर्ण विश्व में श्रद्धा, शांति और आध्यात्मिक जागरण के प्रती...