ओडिशा के 25 जिलों में 68 हाईवे सुविधा केंद्र शुरू, महिला स्वयं सहायता समूह संभाल रहे संचालन

ओडिशा सरकार ने राज्य के 25 जिलों में राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों के किनारे 68 वे-साइड एमेनिटी सेंटर (WAC) विकसित कर उन्हें चालू कर दिया है। करीब 25 करोड़ रुपये के निवेश से तैयार इन केंद्रों का उद्देश्य पर्यटकों और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनकी यात्रा को आरामदायक बनाना है।

अधिकारियों के अनुसार, राज्य के पर्यटन विभाग ने सभी 68 केंद्रों का नवीनीकरण, जीर्णोद्धार और आधुनिकीकरण कराया है, ताकि वहां बेहतर बुनियादी ढांचा और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

उपमुख्यमंत्री और पर्यटन मंत्री प्रवती परिडा ने इन केंद्रों के संचालन की जिम्मेदारी संभाल रहे महिला स्वयं सहायता समूहों (WSHGs) की सदस्यों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने केंद्रों के संचालन से जुड़े अनुभवों, चुनौतियों और पर्यटकों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं देने में महिला उद्यमों की भूमिका पर चर्चा की।

पारंपरिक ओड़िया व्यंजनों और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने पर जोर

बातचीत के दौरान परिडा ने स्वयं सहायता समूहों की सदस्यों से केंद्रों पर भोजन और जलपान उपलब्ध कराने के उनके अनुभवों और चुनौतियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने महिलाओं की उद्यमशीलता और योगदान की सराहना करते हुए उन्हें गुणवत्तापूर्ण, स्वच्छ और पौष्टिक पारंपरिक ओड़िया भोजन परोसने की सलाह दी।

उन्होंने स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और केंद्रों पर आने वाले यात्रियों का गर्मजोशी से स्वागत करने पर भी जोर दिया। मंत्री ने कहा कि इन केंद्रों को ओडिशा की समृद्ध खान-पान परंपरा को प्रदर्शित करने वाले जीवंत मंच के रूप में विकसित किया जाना चाहिए। इससे महिलाओं के लिए टिकाऊ आर्थिक अवसर भी पैदा होंगे।

सभी केंद्रों पर मुफ्त मिलेंगी बुनियादी सुविधाएं

अधिकारियों के मुताबिक, सभी 68 केंद्रों पर साफ शौचालय, सुरक्षित पेयजल और आराम करने के लिए सुविधाजनक जगह उपलब्ध कराई गई है। इन सुविधाओं का लाभ यात्रियों को मुफ्त मिलेगा। उन्हें केवल महिला स्वयं सहायता समूहों से खरीदे गए खाने-पीने के सामान के लिए भुगतान करना होगा।

यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए सभी केंद्रों में सीसीटीवी निगरानी प्रणाली लगाई गई है। इसके अलावा, निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए जनरेटर सेट (DG सेट) और इन्वर्टर की व्यवस्था की गई है। केंद्रों पर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती भी की गई है। (इनपुट-PTI)