Print

श्रीलंका में 8 भारतीयों को पर्यटक वीजा के दुरुपयोग में हिरासत में लिया गया

श्रीलंका में एक महिला समेत आठ भारतीयों को पर्यटक वीजा दुरुपयोग में हिरासत में लिया गया है। श्रीलंका के आव्रजन अधिकारियों ने सूचना प्रौद्योगिकी व्यवसाय संचालित करने में पर्यटक वीजा का दुरुपयोग करने के आरोप में आठ भारतीय नागरिकों को हिरासत में लिया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

इन भारतीय नागरिकों को हाल ही में आव्रजन एवं उत्प्रवासन विभाग के अधिकारियों द्वारा यहां सिनामन गार्डन के पॉश आवासीय क्षेत्र में एक घर पर छापेमारी के दौरान पकड़ा गया था। हिरासत में लिए गए भारतीय कोलंबो में आईटी व्यवसाय चलाते थे। दरअसल भारत श्रीलंका का सबसे बड़ा इनबाउंड पर्यटन बाज़ार है। श्रीलंका भारत, चीन, इंडोनेशिया, रूस, थाईलैंड, मलेशिया और जापान के पर्यटकों के लिए निःशुल्क वीज़ा व्यवस्था प्रदान करता है।

अधिकारियों ने बताया कि हिरासत में लिए गए सभी व्यक्तियों के पास पर्यटक वीजा था। एक व्यक्ति अपने वीजा अवधि से अधिक समय तक रुका हुआ था। पर्यटक वीजा के तहत रोजगार की मनाही है। उन्होंने कहा कि आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद हिरासत में लिए गए एक महिला समेत आठ लोगों को स्वदेश भेज दिया जाएगा।