प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने ‘विकसित भारत इनिशिएटिव फॉर स्टैटिस्टिकल ट्रांसफॉर्मेशन, एनालिटिक्स एंड रिसर्च’ (VISTAR) योजना को मंजूरी दी है। वित्त वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक लागू होने वाली इस केंद्रीय क्षेत्र की योजना पर 4,371.10 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
विकसित भारत 2047 के लक्ष्य के अनुरूप इस योजना का उद्देश्य देश की आधिकारिक सांख्यिकी व्यवस्था को आधुनिक, डिजिटल और भविष्य की जरूरतों के अनुकूल बनाना है। इसके तहत रियल टाइम डेटा, बेहतर आंकड़ा संग्रह, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित विश्लेषण और विभिन्न सरकारी विभागों के बीच डेटा साझा करने की व्यवस्था मजबूत की जाएगी।
VISTAR योजना के तीन प्रमुख घटक होंगे। इनमें व्यापक सांख्यिकीय संचालन एवं व्यवस्था को मजबूत करना, राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को सांख्यिकीय क्षमता बढ़ाने में सहायता देना तथा आठवीं आर्थिक गणना कराना शामिल है।
सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (MoSPI) 16वें वित्त आयोग के चक्र के दौरान 59 सर्वेक्षण कराने की योजना बना रहा है, जबकि पहले 43 प्रमुख सर्वेक्षण किए गए थे। इसके अलावा, डेटा संग्रह और विश्लेषण की प्रक्रियाओं में AI और मशीन लर्निंग का इस्तेमाल बढ़ाया जाएगा। मंत्रालय सेवा उत्पादन सूचकांक और असंगठित क्षेत्र के उद्यमों का सूचकांक जैसे नए आंकड़े भी जारी करेगा।
योजना के तहत राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को जिला स्तर पर गुणवत्तापूर्ण आंकड़े तैयार करने और अपनी डेटा प्रोसेसिंग क्षमता विकसित करने के लिए वित्तीय एवं तकनीकी सहायता दी जाएगी। इससे जिला और दस लाख से अधिक आबादी वाले शहरों के स्तर पर रोजगार, उपभोग और असंगठित क्षेत्र से जुड़े सर्वेक्षणों के आंकड़े बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
इसके साथ ही आठवीं आर्थिक गणना राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के सहयोग से कराई जाएगी। इसमें गैर-कृषि प्रतिष्ठानों और उनमें कार्यरत श्रमिकों से जुड़ा विस्तृत डेटा ग्राम पंचायत और वार्ड स्तर तक एकत्र किया जाएगा। यह गणना असंगठित क्षेत्र की स्थिति समझने और राष्ट्रीय सांख्यिकीय बिजनेस रजिस्टर तैयार करने का आधार बनेगी।
सरकार के अनुसार, इस योजना से देश की सांख्यिकी व्यवस्था मजबूत होगी और नीति निर्माण के लिए अधिक सटीक एवं समयबद्ध आंकड़े उपलब्ध होंगे। इसके तहत छात्रों और शोधकर्ताओं के लिए इंटर्नशिप तथा शोध प्रस्तावों के अवसर भी बढ़ाए जाएंगे।
-(इनपुटः पीआईबी)


