NMBA के तहत 18 अगस्त को चलेगा देशव्यापी नशा मुक्ति अभियान

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार ने कहा कि ‘नशा मुक्त भारत अभियान (NMBA)’ राष्ट्र निर्माण की एक महत्वपूर्ण पहल है। अभियान की छठी वर्षगांठ पर 18 अगस्त 2026 को देशभर में नशीली दवाओं के दुरुपयोग के खिलाफ सामूहिक संकल्प दिलाया जाएगा। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय का लक्ष्य ऑफलाइन और ऑनलाइन माध्यमों से 12 करोड़ से अधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करना है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प का नेतृत्व करने की संभावना है।

रणनीति तय करने के लिए हुई उच्चस्तरीय बैठक

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के संयुक्त सचिव (मादक पदार्थ निवारण) डॉ. संदीप रेवाजी राठौड़ की अध्यक्षता में राष्ट्रीय राजधानी में उच्चस्तरीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न मंत्रालयों और विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने देशव्यापी संकल्प कार्यक्रम की कार्ययोजना और समन्वित रणनीति पर चर्चा की।

देशभर के संस्थानों को अभियान से जोड़ा जाएगा

बैठक में अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, अभिभावकों, स्वयंसेवकों और अन्य हितधारकों को अभियान से जोड़ने की रणनीति पर विचार किया गया। रेल, रक्षा, पुलिस, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF), आयुष मंत्रालय, ग्रामीण विकास मंत्रालय, राजस्व विभाग, सामाजिक एवं आध्यात्मिक संगठनों, सोशल इन्फ्लुएंसर्स, शैक्षणिक संस्थानों, सार्वजनिक उपक्रमों और क्षेत्रीय इकाइयों में संकल्प समारोह आयोजित करने पर सहमति बनी।

नोडल अधिकारी और एकीकृत रिपोर्टिंग तंत्र बनेगा

बैठक में सभी संबंधित मंत्रालयों और विभागों में नोडल अधिकारी नियुक्त करने तथा प्रतिभागियों की संख्या और जन-जागरूकता गतिविधियों की निगरानी के लिए एक समान रिपोर्टिंग तंत्र विकसित करने पर भी चर्चा की गई। इसके लिए विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत की गई।

हेल्पलाइन 14446 और ‘नशा मुक्ति मित्र’ पर रहेगा जोर

मंत्रालय ने नशा मुक्ति हेल्पलाइन 14446 के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष बल दिया। साथ ही नागरिकों को विभाग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ‘नशा मुक्ति मित्र’ के रूप में पंजीकरण कराने और नशे से प्रभावित लोगों की मदद के लिए स्वयंसेवी भावना विकसित करने पर भी जोर दिया गया।

2020 में शुरू हुआ अभियान, 29 करोड़ से अधिक लोगों तक पहुंच

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय ने 15 अगस्त 2020 को ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ की शुरुआत की थी। पहले यह अभियान 272 संवेदनशील जिलों में शुरू किया गया था, जो अब पूरे देश में फैल चुका है। अब तक अभियान के माध्यम से 29.26 करोड़ से अधिक लोगों तक पहुंच बनाई जा चुकी है। इनमें 11.17 करोड़ से अधिक युवा, 7.90 करोड़ महिलाएं तथा 28.30 लाख से अधिक लोगों का उपचार एवं पुनर्वास शामिल है। देशभर के 21.34 लाख से अधिक शैक्षणिक संस्थानों में भी जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।

मंत्रियों ने बताया राष्ट्र निर्माण का अभियान

डॉ. वीरेन्द्र कुमार ने कहा कि यह अभियान स्वस्थ, जागरूक और अनुशासित युवा शक्ति के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है, जो विभिन्न एजेंसियों और संगठनों को एक साझा मंच पर लाकर नशामुक्त भारत के लक्ष्य की दिशा में काम कर रहा है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास अठावले ने इसे साक्ष्य-आधारित राष्ट्रीय अभियान बताया, जबकि राज्य मंत्री बी. एल. वर्मा ने कहा कि यह अभियान युवाओं, महिलाओं और समुदाय की भागीदारी के माध्यम से नशामुक्त और स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है। (इनपुट: पीआईबी)

RELATED ARTICLES

9 mins ago | Defense Minister Rajnath Singh

वियतनाम नौका हादसे पर प्रधानमंत्री मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जताया दुख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने वियतनाम में हुए नौका हादसे पर दुख जता...