भारत के घरेलू यात्रियों की संख्या मई में बढ़कर हुई 1.4 करोड़ 

नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) द्वारा संकलित नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, इस साल मई के दौरान भारत के घरेलू हवाई यात्रियों की संख्या में 1.89 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जो पिछले साल इसी महीने के 1.38 करोड़ की तुलना में अब 1.4 करोड़ हो गई है।

भारत-पाकिस्तान संघर्ष के दौरान हवाई अड्डों पर परिचालन एक सप्ताह तक रहा था प्रभावित 

ज्ञात हो, मई में भारत-पाकिस्तान संघर्ष के कारण सीमावर्ती क्षेत्रों के पास 30 से अधिक हवाई अड्डों पर परिचालन लगभग एक सप्ताह तक प्रभावित रहा। उड़ान सेवाओं में व्यवधान ने सभी एयरलाइनों के पैसेंजर लोड फैक्टर (पीएलएफ) को भी प्रभावित किया, जो फ्लाइट में यात्रियों द्वारा इस्तेमाल सीटों की संख्या को दर्शाता है। इंडिगो का पीएलएफ पिछले साल के इसी महीने के 86.9 प्रतिशत से घटकर 85.1 प्रतिशत हो गया, स्पाइसजेट का पीएलएफ 86 प्रतिशत से घटकर 84 प्रतिशत हो गया और एयर इंडिया का पीएलएफ 83.3 प्रतिशत से घटकर 80.2 प्रतिशत हो गया। अकासा एयर ने इस महीने के लिए सबसे अधिक पीएलएफ 91.4 प्रतिशत दर्ज किया।

देश की अग्रणी एयरलाइन इंडिगो की बाजार हिस्सेदारी में भी वृद्धि

देश की अग्रणी एयरलाइन इंडिगो ने मई में अपनी बाजार हिस्सेदारी 64.1 प्रतिशत से बढ़ाकर 64.6 प्रतिशत कर ली, क्योंकि कम लागत वाली एयरलाइन ने इस महीने के दौरान 90.8 लाख यात्रियों को यात्रा करवाई।

एयर इंडिया ने इस महीने 37.22 लाख यात्रियों को करवाई यात्रा 

दूसरी ओर, एयर इंडिया की बाजार हिस्सेदारी 27.2 प्रतिशत से घटकर 26.5 प्रतिशत हो गई। इस नेशनल एयरलाइन ने इस महीने के दौरान 37.22 लाख यात्रियों को यात्रा करवाई। अन्य एयरलाइन्स में स्पाइसजेट की बाजार हिस्सेदारी 2.6 प्रतिशत से घटकर 2.4 प्रतिशत रह गई, जबकि अकासा एयर की हिस्सेदारी 5 प्रतिशत से बढ़कर 5.3 प्रतिशत हो गई।

मई में घरेलू एयरलाइन्स को यात्रियों से संबंधित लगभग 958 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिसमें एलायंस एयर को सबसे अधिक शिकायतें प्राप्त हुईं, उसके बाद फ्लाई बिग और स्पाइस जेट का स्थान रहा।समय पर प्रदर्शन के मामले में, इंडिगो ने 84 प्रतिशत सटीकता के साथ अपने प्रतिद्वंद्वियों से बेहतर प्रदर्शन किया, इसके बाद एयर इंडिया समूह ने 79.7 प्रतिशत, अकासा एयर ने 78.9 प्रतिशत, एलायंस एयर ने 53.5 प्रतिशत और स्पाइसजेट ने 50.1 प्रतिशत सटीकता के साथ प्रदर्शन किया। मई के दौरान घरेलू उड़ानों के रद्द होने की दर 2.51 प्रतिशत रही। (इनपुट-एजेंसी) 

RELATED ARTICLES

30 mins ago | Artisan Livelihood

भारत ट्यूलिप से पारंपरिक कारीगरों के उत्पादों को मिला डिजिटल बाजार

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास निगम (एनबीसीएफडीस...

54 mins ago

33,660 करोड़ रुपए की भव्य योजना से बदलेगा भारत का विनिर्माण इकोसिस्टम

भारत औद्योगिक विकास योजना (भव्य) 33,660 करोड़ रुपए की एक पहल है, जिसका उद्देश्य देशभर में 100 प्लग-एंड-प...