ऑपरेशन सिंदूर के बाद दिल्ली एयरपोर्ट ने यात्रियों के लिए जारी की ट्रैवल एडवाइजरी

भारत द्वारा पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में आतंकी ठिकानों पर किए गए लक्षित हमलों के बाद आज बुधवार को दिल्ली एयरपोर्ट ने यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण ट्रैवल एडवाइजरी जारी की। एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे बदले हुए एयरस्पेस हालात के कारण प्रभावित उड़ानों के बारे में अपनी संबंधित एयरलाइंस से संपर्क करें और वैकल्पिक यात्रा की जानकारी प्राप्त करें। दिल्ली एयरपोर्ट ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफाॅर्म ‘एक्स’ पर यह जानकारी साझा की है।

एयरपोर्ट अथॉरिटी ने कहा, “हम एयरलाइंस और एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) के साथ मिलकर काम कर रहे हैं ताकि उड़ानों के समय में कम से कम बाधा आए। आपकी सुरक्षा और सुविधा हमारी प्राथमिकता है।” गौरतलब है कि यह एडवाइजरी ऐसे समय में आई है जब भारतीय सशस्त्र बलों ने बुधवार सुबह ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान और PoK में 9 आतंकी ठिकानों को सफलतापूर्वक नष्ट कर दिया। यह कार्रवाई 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में की गई है।

विदेश सचिव विक्रम मिस्री, विंग कमांडर व्योमिका सिंह और कर्नल सोफिया कुरैशी ने एक संयुक्त मीडिया ब्रीफिंग में ऑपरेशन की जानकारी दी। विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने बताया, “ऑपरेशन सिंदूर आतंकवाद के खिलाफ न्याय दिलाने की हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। सभी लक्ष्यों को इस प्रकार चुना गया कि आम नागरिकों को कोई नुकसान न पहुंचे।” उन्होंने स्पष्ट किया कि इन हमलों में केवल आतंकवादियों के शिविरों को ही निशाना बनाया गया और रिहायशी इलाकों तथा इन्फ्रास्ट्रक्चर को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया गया है।-(ANI)