अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय ने प्रधानमंत्री विरासत का संवर्धन (PM VIKAS) योजना की प्रगति की समीक्षा और प्रशिक्षण एवं रोजगार के अवसरों को मजबूत करने के लिए बुधवार को नई दिल्ली में ‘समावेश से विकास’ कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें मंत्रालय के अधिकारियों, प्रशिक्षण एजेंसियों और अन्य हितधारकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में मंत्रालय के संयुक्त सचिव श्यामा प्रसाद रॉय ने कहा कि कौशल प्रशिक्षण का उद्देश्य युवाओं को प्रमाणपत्र देने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उन्हें रोजगार दिलाना और बेहतर भविष्य के अवसर उपलब्ध कराना भी जरूरी है।
इस दौरान PM VIKAS के तहत चार संस्थानों के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) किए गए। इनमें पीथमपुर ऑटो क्लस्टर (PAC), सेंटर ऑफ एक्सीलेंस इन मैरीटाइम एंड शिपबिल्डिंग (CEMS), इंस्टीट्यूट ऑफ एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट (IED) और कश्मीर केंद्रीय विश्वविद्यालय शामिल हैं।
पीथमपुर ऑटो क्लस्टर के साथ साझेदारी के तहत मध्य प्रदेश में 2,400 युवाओं को इलेक्ट्रिक वाहन सर्विस टेक्नीशियन, CNC मिलिंग प्रोग्रामर, वेयरहाउस एसोसिएट और सप्लाई चेन एग्जीक्यूटिव जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। वहीं, CEMS के माध्यम से सात राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में 6,300 उम्मीदवारों को बिजनेस एनालिस्ट, वेयरहाउस सुपरवाइजर और AI टेक्नोक्रेट सहित विभिन्न क्षेत्रों में प्रशिक्षण मिलेगा।
IED के साथ समझौते के तहत उत्तर प्रदेश में 900 युवाओं को सोलर PV इंस्टॉलर (सूर्यमित्र) का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे उन्हें नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में रोजगार के अवसरों के लिए तैयार किया जाएगा।
इसके अलावा, कश्मीर केंद्रीय विश्वविद्यालय के साथ 3 नवंबर को हुए समझौते के तहत जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले में 120 उम्मीदवारों को विलो क्राफ्ट यानी विलो शिल्पकला का 390 घंटे का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसका उद्देश्य पारंपरिक हस्तकला को संरक्षित करने के साथ आजीविका के अवसर बढ़ाना है।
कार्यक्रम में मंत्रालय की निदेशक नेहा गिरि ने योजना की प्रगति और आगे की प्राथमिकताओं पर प्रस्तुति दी। उन्होंने प्रशिक्षण कार्यान्वयन एजेंसियों से रोजगार उपलब्ध कराने, नियोक्ताओं के साथ बेहतर संपर्क बनाने और नियुक्तियों से जुड़े सत्यापित आंकड़े समय पर उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में प्रशिक्षण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया और IIM बेंगलुरु की स्वतंत्र निगरानी, प्लेसमेंट सुधारने के लिए ब्लूडॉट और उम्मीदवारों से प्रतिक्रिया जुटाने के लिए वॉयस AI जैसी तकनीकों पर भी चर्चा हुई। इसके साथ ही विरासत और पर्यटन क्षेत्र में युवाओं के कौशल विकास तथा रोजगार की संभावनाओं पर भी विचार किया गया।
मंत्रालय के अनुसार, PM VIKAS के माध्यम से अल्पसंख्यक समुदायों के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण कौशल प्रशिक्षण, उद्योगों से जुड़ाव और स्थायी आजीविका के अवसर उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
-(इनपुटः पीआईबी)


