एयर इंडिया ने मिडिल ईस्ट और यूरोप के लिए फिर से शुरू कीं उड़ानें

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच एयर इंडिया ने आज मंगलवार को घोषणा की कि वह धीरे-धीरे मिडिल ईस्ट और यूरोप के लिए अपनी उड़ानों को फिर से शुरू कर रही है, क्योंकि कुछ क्षेत्रों में हवाई क्षेत्र दोबारा खोल दिए गए हैं। एयर इंडिया के प्रवक्ता ने एक बयान में बताया कि मिडिल ईस्ट के लिए उड़ानें आज से फिर शुरू हो रही हैं और 25 जून से अधिकतर संचालन सामान्य रूप से बहाल कर दिए जाएंगे। इसके साथ ही यूरोप के लिए पहले रद्द की गई उड़ानें भी आज से क्रमबद्ध तरीके से बहाल की जा रही हैं। अमेरिका और कनाडा के ईस्ट कोस्ट के लिए उड़ानों को जल्द से जल्द फिर शुरू किया जाएगा।

एयर इंडिया ने यह भी कहा कि कुछ उड़ानों में देरी या रद्द होने की संभावना बनी रह सकती है क्योंकि कुछ मार्ग अब भी विस्तारित रीरूटिंग या लंबे उड़ान समय से प्रभावित हैं। हालांकि, एयरलाइन ने भरोसा दिलाया है कि वह यात्रियों को न्यूनतम असुविधा देने और उड़ान अनुसूची को सामान्य करने के लिए प्रतिबद्ध है। एयर इंडिया उन हवाई क्षेत्रों से अभी भी परहेज करेगी, जिन्हें सुरक्षा की दृष्टि से असुरक्षित माना गया है।

गौरतलब है कि उड़ान में ये बाधाएं ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के बाद उत्पन्न हुई हैं। सोमवार को ईरान ने कतर और इराक में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर कई मिसाइलें दागीं, जिनमें कतर का अल उदेइद एयर बेस भी शामिल था जो कि क्षेत्र में अमेरिका का सबसे बड़ा सैन्य अड्डा है। सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, यह कार्रवाई अमेरिका द्वारा रविवार सुबह ईरान के तीन परमाणु केंद्रों नतांज, इस्फहान और फोर्डो पर हवाई हमलों के जवाब में की गई। -(ANI)

RELATED ARTICLES