एयर मार्शल तेजिंदर सिंह ने 1 जुलाई, 2026 को चीफ्स ऑफ स्टाफ कमेटी (सीओएससी) के अध्यक्ष के एकीकृत रक्षा स्टाफ प्रमुख (सीआईएससी) का पदभार ग्रहण किया। राष्ट्रीय रक्षा अकादमी, रक्षा सेवा स्टाफ कॉलेज और राष्ट्रीय रक्षा कॉलेज के पूर्व छात्र एयर मार्शल तेजिंदर सिंह 13 जून, 1987 को भारतीय वायुसेना की लड़ाकू शाखा में शामिल हुए थे। वह श्रेणी ‘ए’ के योग्य फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर हैं और उन्हें 4,500 घंटे से अधिक का उड़ान अनुभव है।
कई महत्वपूर्ण कमानों का किया नेतृत्व
एयर मार्शल तेजिंदर सिंह ने अपने सैन्य करियर के दौरान एक लड़ाकू स्क्वाड्रन, एक रडार स्टेशन और एक प्रमुख लड़ाकू एयरबेस की कमान संभाली है। वह जम्मू-कश्मीर में एयर ऑफिसर कमांडिंग के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं। अपनी वर्तमान नियुक्ति से पहले वह दक्षिण-पश्चिमी वायु कमान के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ (एओसी-इन-सी) थे।
अनेक महत्वपूर्ण स्टाफ नियुक्तियों का अनुभव
अपने लंबे सैन्य करियर में एयर मार्शल तेजिंदर सिंह ने कमान मुख्यालय में ऑपरेशनल स्टाफ, वायु मुख्यालय में एयर कमोडोर (कार्मिक अधिकारी-1), एकीकृत रक्षा स्टाफ के उप सहायक प्रमुख, मुख्यालय आईडीएस में वित्तीय (योजना), एयर कमोडोर (एयरोस्पेस सुरक्षा), वायु मुख्यालय में सहायक प्रमुख वायु सेना संचालन (आक्रामक), सहायक प्रमुख वायु सेना संचालन (रणनीति), पूर्वी वायु कमान में सीनियर एयर स्टाफ ऑफिसर, उप वायुसेनाध्यक्ष तथा प्रशिक्षण कमान के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है।
कई प्रतिष्ठित सैन्य सम्मानों से सम्मानित
उत्कृष्ट सेवाओं के लिए एयर मार्शल तेजिंदर सिंह को वर्ष 2007 में वायु सेना पदक, वर्ष 2022 में अति विशिष्ट सेवा पदक और वर्ष 2026 में परम विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया जा चुका है।
राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर दी श्रद्धांजलि
पदभार ग्रहण करने के बाद एयर मार्शल तेजिंदर सिंह ने नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर राष्ट्र की सेवा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद तीनों सेनाओं की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। (इनपुट: पीआईबी)


