प्रतिक्रिया | Saturday, April 26, 2025

  • Twitter
  • Facebook
  • YouTube
  • Instagram

दिल्ली से वापस भेजे जाएंगे सभी पाकिस्तानी नागरिक, सीएम रेखा गुप्ता ने कहा- केंद्र के फैसले का सख्ती से होगा पालन

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले के बाद पूरे देश में आक्रोश है। इस हमले में 26 लोगों की मौत हुई थी। इसके जवाब में केंद्र सरकार ने बड़ा और सख्त फैसला लेते हुए कहा है कि भारत में रह रहे सभी पाकिस्तानी नागरिकों को देश से बाहर निकाला जाएगा और अब कोई नया वीजा नहीं जारी किया जाएगा। सरकार ने स्पष्ट किया है कि सभी पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा 27 अप्रैल से रद्द कर दिए जाएंगे, जबकि मेडिकल वीजा केवल 29 अप्रैल तक वैध रहेंगे।

इस फैसले के बाद दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि केंद्र के निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाएगा और उल्लंघन करने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि दिल्ली सरकार आदेशों के अनुपालन को पूरी ईमानदारी से सुनिश्चित कर रही है।

इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सभी मुख्यमंत्रियों से बात की थी और निर्देश दिया था कि अपने-अपने राज्यों में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द पाकिस्तान वापस भेजा जाए। गृह मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि इस काम में कोई ढिलाई नहीं बर्दाश्त की जाएगी और सभी राज्यों को अपने क्षेत्र में मौजूद पाकिस्तानी नागरिकों को खोजकर उनकी वापसी सुनिश्चित करनी होगी। सरकार के इस फैसले को पहलगाम हमले के बाद उठाया गया एक कड़ा कदम माना जा रहा है। -(IANS)

आगंतुकों: 24573576
आखरी अपडेट: 26th Apr 2025