अमेरिका ने यूक्रेन की सैन्य मदद पर लगाई रोक, नहीं मिलेगी पैट्रियट मिसाइल और एयर डिफेंस सिस्टम

अमेरिका ने यूक्रेन को दी जाने वाली सैन्य सहायता के एक हिस्से को रोक दिया है। अब यूक्रेन को पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम और मिसाइलें नहीं मिलेंगी। व्हाइट हाउस और अमेरिकी रक्षा विभाग (पेंटागन) ने इस निर्णय की पुष्टि की है। यह फैसला अमेरिकी सैन्य भंडार की समीक्षा के बाद लिया गया है ताकि अमेरिकी सुरक्षा प्राथमिकताओं को पहले रखा जा सके। व्हाइट हाउस की प्रवक्ता एना केली ने कहा कि अमेरिका ने अपने सैन्य संसाधनों और वैश्विक सहायता कार्यक्रमों की व्यापक समीक्षा के बाद यह कदम उठाया है। उन्होंने कहा,“हमारे देश की रक्षा तैयारियों और हितों को ध्यान में रखते हुए, यह निर्णय लेना जरूरी था।” अमेरिकी मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, यह कदम तब उठाया गया है जब रक्षा विभाग को यह चिंता सताने लगी कि हाल के वर्षों में दी गई भारी सैन्य मदद के चलते अमेरिका का हथियार भंडार काफी कम हो गया है।

चीन की समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, पिछले महीने अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने यूक्रेन को दी जा रही तीन साल की सैन्य सहायता, यमन में हूती विद्रोहियों के साथ संघर्ष और ईरान से संभावित टकराव को देखते हुए अमेरिकी हथियार भंडार की समीक्षा के लिए आदेश जारी किया था। इस समीक्षा में सामने आया कि अमेरिका ने पहले से जिन हथियारों की आपूर्ति का वादा किया था, उनका भंडार अब लगभग खत्म हो चुका है। रक्षा विभाग के पाॅलिसी अंडर सेक्रेटरी एल्ब्रिज कोल्बी ने कहा कि पेंटागन अब भी यूक्रेन को मदद जारी रखने के लिए राष्ट्रपति को विकल्प देने की प्रक्रिया में है, लेकिन इसके साथ ही वह अमेरिका की सैन्य तैयारी और रणनीतिक प्राथमिकताओं की रक्षा करने पर भी जोर दे रहा है।

पिछले सप्ताह हेग में नाटो शिखर सम्मेलन के दौरान यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लादिमीर जेलेंस्की और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात हुई थी। इस दौरान ट्रंप ने पत्रकारों से कहा था कि यूक्रेन, अमेरिका से पैट्रियट एंटी-मिसाइल सिस्टम हासिल करने को लेकर बेहद इच्छुक है। उन्होंने कहा, “यूक्रेन को इन मिसाइलों की बेहद जरूरत है, ये सौ प्रतिशत असरदार हैं। लेकिन हमें खुद भी इनकी जरूरत है और हम इन्हें इजरायल को भी दे रहे हैं।” गौरतलब है कि फरवरी 2022 में रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद से अमेरिका ने यूक्रेन को 66 अरब डॉलर से अधिक की सैन्य मदद और हथियार दिए हैं। लेकिन मौजूदा हालात में अमेरिका अपने भंडार को प्राथमिकता देते हुए कुछ प्रमुख रक्षा उपकरणों की आपूर्ति पर रोक लगा रहा है।-(IANS)

RELATED ARTICLES

7 hours ago | Ministry of External Affairs

ओमान तट के पास कमर्शियल जहाज पर हमला, 11 भारतीय नाविक घायल, भारत ने की कड़ी निंदा

भारत के विदेश मंत्रालय (एमईए) ने होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहे कमर्शियल जहाज पर हमले की जानकारी दी...

8 hours ago | Admiral Samuel Paparo

भारत-अमेरिका रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने पर जोर, रक्षा सचिव ने एडमिरल पापारो से की मुलाकात

रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने मंगलवार को नई दिल्ली में अमेरिकी पैसिफिक कमांड के कमांडर एडमिरल...