भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के चलते देशभर के हवाईअड्डों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसी कारण कई प्रमुख एयरलाइंस ने यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है, जिसमें यात्रियों से फ्लाइट के समय से कम से कम 3 घंटे पहले एयरपोर्ट पहुंचने की अपील की गई है। अकासा एयर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, “ भारत के सभी हवाईअड्डों पर सुरक्षा उपायों के तहत, हम आपसे अनुरोध करते हैं कि प्रस्थान से कम से कम 3 घंटे पहले एयरपोर्ट पहुंचें। कृपया वैध सरकारी फोटो पहचान पत्र साथ लाएं। चेक-इन सामान के अलावा केवल 7 किलोग्राम तक का एक हैंडबैग ही अनुमत होगा। सभी यात्रियों को बोर्डिंग से पहले द्वितीयक सुरक्षा जांच से गुजरना होगा।” एयरलाइन ने ऑनलाइन चेक-इन की भी सलाह दी है ताकि समय की बचत हो सके।
इसी तरह स्पाइसजेट ने भी सोशल मीडिया पर लिखा, “सुरक्षा के अतिरिक्त उपायों को ध्यान में रखते हुए, सभी यात्रियों को प्रस्थान से कम से कम 3 घंटे पहले एयरपोर्ट पहुंचने की सलाह दी जाती है ताकि चेक-इन और बोर्डिंग प्रक्रिया सुचारु हो।” इंडिगो एयरलाइंस ने भी सुरक्षा जांच और अन्य औपचारिकताओं के लिए यात्रियों से अतिरिक्त समय देने का अनुरोध किया। उन्होंने लिखा, “ इन असाधारण परिस्थितियों में सभी हवाईअड्डों पर कड़े सुरक्षा उपाय किए जा रहे हैं। कृपया अपनी यात्रा के लिए थोड़ा अतिरिक्त समय रखें। हम आपकी समझ और सहयोग की सराहना करते हैं।”
यह ट्रैवल एडवाइजरी ऐसे समय पर आई है जब पाकिस्तान की सेना ने जम्मू-कश्मीर के उरी, कुपवाड़ा, तंगधार और कर्नाह सेक्टरों में नियंत्रण रेखा (LoC) पर गोलीबारी कर संघर्षविराम का उल्लंघन किया है।


