केंद्रीय गृहमंत्री मंत्री अमित शाह ने आज मंगलवार को गुजरात के गांधीनगर जिले के कलोल नगरपालिका क्षेत्र में 144 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इस अवसर पर कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। इस दौरान अमित शाह ने कहा कि पिछले 5-6 वर्षों में कलोल ने अभूतपूर्व विकास देखा है और आने वाले 10 वर्षों में यहां अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने बताया कि कलोल को वर्ष 2029 तक एक मॉडल विधानसभा क्षेत्र बनाने की योजना पर काम हो रहा है।
उद्घाटित होने वाले विकास परियोजनाओं में वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, ज्योतेश्वर झील और एक नाइट शेल्टर शामिल हैं। इसके अलावा स्वच्छता उपकरण और कई बोरवेल परियोजनाओं का भी उद्घाटन हुआ। वहीं, स्वर्णिम जयंती मुख्यमंत्री विकास योजना और ऑडा (AUDA) ग्रांट के तहत ₹91 करोड़ की नई परियोजनाएं शुरू की गईं।
अमित शाह ने कहा कि केंद्र सरकार कलोल में एक अत्याधुनिक 350 बिस्तरों वाला अस्पताल बना रही है, जो 2027 तक शुरू हो जाएगा। इसके बाद कालोल के लोगों को इलाज के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। यह अस्पताल पीएचसी और सीएचसी से जुड़ा होगा और यहां आउटडोर सेवाएं भी उपलब्ध रहेंगी। इसमें विश्वस्तरीय उपकरण और विशेषज्ञ डॉक्टर होंगे। शाह ने बताया कि इस अस्पताल की पैथोलॉजी लैब अहमदाबाद के सिविल अस्पताल से भी बेहतर होगी और आयुष्मान भारत कार्ड व गुजरात सरकार के कार्ड के जरिए ₹10 लाख तक का मुफ्त इलाज मिलेगा।
उन्होंने कहा कि कलोल में जल जीवन मिशन, गैस सिलेंडर वितरण और शौचालय निर्माण में सराहनीय काम हुआ है। अब ज्योतिश्वर तालाब का रखरखाव एक निजी कंपनी को सौंपा जाएगा और यहां बच्चों के लिए झूले, बोटिंग की सुविधा और शुद्ध भोजन स्टॉल लगाए जाएंगे। अमित शाह ने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनता को राहत देने के लिए खाने-पीने की चीजों पर जीएसटी को कम कर दिया है और किसानों के सामान पर टैक्स आधा कर दिया है। वहीं, स्कूटर, मोटरसाइकिल और कार जैसी गाड़ियों पर टैक्स कम किया गया है। कोयले पर टैक्स घटने से बिजली बिल भी कम होंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी देशवासियों, खासकर माताओं और बहनों से स्वदेशी उत्पाद अपनाने की अपील करते हैं, क्योंकि इससे देश में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और भारत की अर्थव्यवस्था दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगी।-(ANI)


