Print

प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर वडनगर पहुंचे अमित शाह, कहा- पीएम मोदी के जीवन का क्षण-क्षण राष्ट्र को समर्पित

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार को उनके पैतृक गांव वडनगर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और देशवासियों का अभिनंदन किया। शाह ने हटकेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रधानमंत्री के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की।

हटकेश्वर महादेव मंदिर में की पूजा-अर्चना

अमित शाह ने कहा, “आज मेरा सौभाग्य है कि मैं पीएम मोदी के जन्मदिन के दिन ही उनके पैतृक गांव आया हूं, जहां उनका जन्म हुआ था। यहां पौराणिक काल से स्थित हटकेश्वर महादेव का शिव मंदिर है। यह मंदिर सोलंकी युग से समग्र गुजरात के लिए श्रद्धा का केंद्र है। मैं आज हटकेश्वर महादेव के चरणों में प्रधानमंत्री के दीर्घायु और स्वस्थ लंबे जीवन के लिए करबद्ध निवेदन करता हूं।”

वडनगर से वाराणसी तक निकलेगी विशेष यात्रा

गृह मंत्री ने बताया कि वडनगर से एक विशेष यात्रा का शुभारंभ होगा, जो सेवा संकल्प अभियान का हिस्सा है। यह यात्रा वडनगर से वाराणसी तक जाएगी, यानी प्रधानमंत्री मोदी की जन्मभूमि से उनकी कर्मभूमि तक।

600 बाइकर्स सात राज्यों में पहुंचाएंगे संदेश

अमित शाह ने कहा, “यह यात्रा हटकेश्वर महादेव के प्रांगण से निकलकर काशी विश्वनाथ के चरणों तक पहुंचेगी। इस यात्रा में हमारे 300 बाइकर्स यहां से और 300 बाइकर्स वाराणसी से आज ही निकलेंगे। ये 600 बाइकर्स सात राज्यों को कवर करते हुए अनेक गांवों में मोदी जी के 25 साल के काम का संदेश पहुंचाएंगे।”

25 साल की सार्वजनिक सेवा का किया जिक्र

गृह मंत्री शाह ने कहा कि 25 वर्ष इसलिए कहा जा रहा है क्योंकि प्रधानमंत्री का जन्मदिन 17 सितंबर को है, जबकि 7 अक्टूबर को वह दिन है जब मोदी मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्ष की सार्वजनिक सेवा पूरी करेंगे। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से अब तक किसी राजनेता ने 25 वर्ष तक राज्य के मुखिया और देश के मुखिया के रूप में सेवा देने का रिकॉर्ड नहीं बनाया है। शाह के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी ने लगातार जनादेश और जनता के आशीर्वाद से यह कार्य किया है।

युवाओं को पीएम मोदी के जीवन से परिचित कराने की बात

अमित शाह ने कहा, “कुछ लोग जो वक्रदृष्टा होते हैं, कहते हैं कि इसकी क्या जरूरत है? तो मैं आज उनको कहना चाहता हूं कि पीएम मोदी का जीवन ऐसा जीवन है, जिसका परिचय भारत के हर बालक को, हर किशोर को और हर युवा को कराना जरूरी है। जिससे आने वाले दिनों में सैकड़ों नरेंद्र मोदी निकलें और भारत को अपनी जगह पर पहुंचाएं।”

विकास कार्यों का किया उल्लेख

गृह मंत्री ने मोदी सरकार के कार्यकाल के दौरान हुए विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा, “आज पीएम मोदी के कारण ही जम्मू-कश्मीर, नक्सल प्रभावित क्षेत्र और पूर्वोत्तर विकास के रास्ते पर चल पड़े हैं।”

महिला सशक्तीकरण पर दिया जोर

महिला सशक्तीकरण का उल्लेख करते हुए शाह ने कहा कि नारीशक्ति के सम्मान के साथ सेना, पुलिस, विज्ञान, स्टार्टअप, ड्रोन और खेल के क्षेत्र में महिलाओं के लिए अवसर बढ़े हैं। उन्होंने कहा, “अभी विपक्ष के नेता रोककर बैठे हैं, मगर मुझे विश्वास है कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में संसद में और विधानमंडलों में 33 प्रतिशत मातृशक्ति का आरक्षण होकर ही रहेगा।”

आदिवासी कल्याण की योजनाओं का किया उल्लेख

आदिवासी कल्याण का जिक्र करते हुए अमित शाह ने कहा कि एकलव्य विद्यालय, पीएम जनमन, वाइब्रेंट विलेज और बस्तर आज आदिवासी कल्याण के मुख्य स्तंभ बने हैं। राष्ट्रीय चेतना और विज्ञान के क्षेत्र में उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि नया संसद भवन बनाना और वहां सेंगोल स्थापित करना राष्ट्रीय चेतना को जागृत करने वाला कदम रहा है। उन्होंने चंद्रयान, आदित्य एल1 और शिवशक्ति पॉइंट का भी उल्लेख किया।

पीएम मोदी के जीवन को बताया ‘भारत प्रथम’ का प्रतीक

अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा, “मैं आज उनके जन्मदिवस पर इतना ही कहना चाहता हूं कि उनके जीवन की व्याख्या केवल दो शब्दों में की जा सकती है, वह है- भारत प्रथम। भारत माता की आराधना के लिए, भारत माता की संतानों के कल्याण के लिए और भारत के भू-भाग को समग्र विश्व में सम्मान दिलाने के लिए प्रधानमंत्री ने अपना पूरा जीवन खर्च किया है। शरीर का कण-कण और जीवन का क्षण-क्षण भारत माता को समर्पित किया है।” (इनपुट: आईएएनएस)