बंगाल की महिलाओं के लिए अन्नपूर्णा योजना महत्वपूर्ण संबल: प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पश्चिम बंगाल में अन्नपूर्णा योजना की चौथी किस्त जारी करते हुए कहा कि योजना के तहत करीब डेढ़ करोड़ महिलाओं के बैंक खातों में हर महीने 3 हजार रुपए की सहायता पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए जरूरी खर्चों की चिंता कम होने से उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और अन्नपूर्णा योजना इसी दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है। प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि एक भी पात्र महिला योजना के लाभ से वंचित न रहे।

बंगाल की माताओं-बहनों को दी शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री मोदी ने बंगाल की माताओं-बहनों का अभिवादन करते हुए कहा कि उनसे हमेशा स्नेह मिला है। उन्होंने कहा कि महिलाओं का विश्वास और अपनापन उनके लिए बड़ी शक्ति है। विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं भी दीं।

महिलाओं के लिए आर्थिक संबल

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि घर में माताओं-बहनों के कंधों पर अनेक जिम्मेदारियां होती हैं। जब जरूरी खर्चों की चिंता कम होती है तो महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ता है। उन्होंने कहा कि अन्नपूर्णा योजना बंगाल की महिलाओं के आत्मविश्वास को मजबूती देने का महत्वपूर्ण प्रयास है। बैंक खाते में हर महीने निश्चित राशि पहुंचने से महिलाओं को जरूरी खर्चों के लिए किसी पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

डेढ़ करोड़ महिलाओं के खातों में पहुंची चौथी किस्त

प्रधानमंत्री ने कहा कि अन्नपूर्णा योजना की चौथी किस्त के तौर पर करीब डेढ़ करोड़ महिलाओं के खातों में राशि पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि हर महीने मिलने वाले 3 हजार रुपए किसी मां के लिए बच्चे की पढ़ाई, किसी बहन के लिए दवा या परिवार की जरूरी चीजों की खरीद में मददगार हो सकते हैं।

महिलाओं के फैसले की ताकत बढ़ाने पर जोर

पीएम मोदी ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि बंगाल की महिलाओं के पास फैसले लेने की ताकत और आगे बढ़ने का हौसला हो। उन्होंने कहा कि अन्नपूर्णा योजना इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने योजना की सभी लाभार्थी महिलाओं को बधाई दी।

नई सरकार के बाद योजना पर काम शुरू होने का दावा

प्रधानमंत्री ने कहा कि इस साल 4 मई को बंगाल ने परिवर्तन का नया रास्ता चुना और इसमें माताओं-बहनों की अहम भूमिका रही। उन्होंने कहा कि नई सरकार के सामने सबसे पहली कसौटी महिलाओं का जीवन आसान बनाना और उनकी ‘ईज ऑफ लिविंग’ बढ़ाना रही। उन्होंने सरकार के मूल मंत्र ‘कोथा कॉम, काज बेशी’ का उल्लेख किया।

कट मनी और बिचौलियों पर निशाना

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अन्नपूर्णा योजना की शुरुआत इसी सोच के साथ हुई और सरकार बनने के कुछ ही दिनों के भीतर इस पर काम शुरू किया गया। उन्होंने कहा कि अब बड़ी संख्या में महिलाओं के बैंक खातों में सीधे पैसा पहुंचना शुरू हो गया है। उन्होंने दावा किया कि इसमें कोई कट मनी और बिचौलिया नहीं है।

हर पात्र महिला को लाभ देने का लक्ष्य

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि एक भी पात्र महिला अन्नपूर्णा योजना के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि इसके लिए भी तेजी से काम किया जा रहा है।

महिलाओं के जीवन चक्र से जुड़ी योजनाओं का उल्लेख

प्रधानमंत्री ने कहा कि माताओं, बहनों और बेटियों के जीवन चक्र से जुड़ी समस्याओं का समाधान करना भाजपा की प्राथमिकता रही है। उन्होंने गर्भावस्था के दौरान पोषण के लिए मातृ वंदना योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, स्कूलों में शौचालय निर्माण और सुकन्या समृद्धि योजना का उल्लेख किया।

शिक्षा और रोजगार के अवसरों का जिक्र

पीएम मोदी ने कहा कि बेटियों के लिए सैनिक स्कूलों के द्वार खोले गए हैं। उन्होंने मुद्रा योजना के जरिए बिना गारंटी ऋण, मातृत्व अवकाश में वृद्धि और सेल्फ हेल्प ग्रुप के लिए सहायता बढ़ाने का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन पहलों का उद्देश्य महिलाओं के लिए शिक्षा, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों के नए अवसर तैयार करना है।

उज्ज्वला से जल जीवन तक योजनाओं का उल्लेख

प्रधानमंत्री ने कहा कि महिलाओं को रसोई के धुएं से राहत देने के लिए उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन दिए गए। पानी की समस्या दूर करने के लिए हर घर नल से जल योजना और बिजली कनेक्शन के लिए सौभाग्य योजना का उल्लेख किया। उन्होंने आयुष्मान भारत, जनधन योजना और पीएम आवास योजना में महिलाओं की भागीदारी को भी गिनाया।

केंद्र की योजनाओं का लाभ समय पर नहीं मिलने का आरोप

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बंगाल के लोगों की एक बड़ी पीड़ा यह रही है कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र की कई योजनाओं का लाभ प्रदेश में समय पर नहीं पहुंच पाया। उन्होंने कहा कि इससे गरीब परिवारों को सबसे अधिक नुकसान हुआ। प्रधानमंत्री ने दावा किया कि भाजपा सरकार बनने के बाद रुकी हुई योजनाओं को गति दी गई है।

पीएम आवास योजना का उदाहरण

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि बंगाल में भाजपा सरकार बनने के बाद 50 लाख से अधिक ऐसे गरीब परिवारों की पहचान की गई है, जिन्हें पीएम आवास योजना के तहत पक्के घर दिए जाएंगे। उन्होंने पीएम विश्वकर्मा योजना को भी बंगाल में लागू किए जाने का उल्लेख किया।

‘नया बंगाल’ बनाने का आह्वान

प्रधानमंत्री ने कहा कि लंबित योजनाओं और अटकी परियोजनाओं को बंगाल में नई गति मिल रही है। उन्होंने कहा कि बंगाल की महिलाओं और लोगों का आशीर्वाद भाजपा के साथ है। उन्होंने ‘आमरा एकशॉन्गे गोड़बो नोतुन बांग्ला’ का उल्लेख करते हुए नया बंगाल बनाने की बात कही।

विकसित भारत के संकल्प से जोड़ा विकसित बंगाल

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश ने विकसित भारत का संकल्प लिया है और उन्हें विश्वास है कि बंगाल की माताएं-बहनें विकास की यात्रा को नई गति देंगी। उन्होंने कहा कि विकसित बंगाल के सामर्थ्य से विकसित भारत का संकल्प और मजबूत होगा।

अन्नपूर्णा दिवस और विश्वकर्मा पूजा की शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन के अंत में लोगों के स्नेह और आशीर्वाद के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने अन्नपूर्णा दिवस और विश्वकर्मा पूजा की शुभकामनाएं दीं। (इनपुट: पीआईबी)