Print

अनुराग कुमार बने दिल्ली पुलिस के नए आयुक्त, केंद्र सरकार ने जारी किया आदेश

केंद्र सरकार ने पूर्व इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के स्पेशल डायरेक्टर अनुराग कुमार को दिल्ली पुलिस का नया आयुक्त (कमिश्नर) नियुक्त किया है। इस संबंध में शुक्रवार को आधिकारिक अधिसूचना जारी की गई।

1994 बैच के AGMUT कैडर के आईपीएस अधिकारी अनुराग कुमार, 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी सतीश गोलचा का स्थान लेंगे। गोलचा ने अगस्त 2025 में दिल्ली पुलिस आयुक्त का कार्यभार संभाला था। हालांकि उनका कार्यकाल अप्रैल 2027 तक था, लेकिन सरकार ने उन्हें अब दिल्ली के उपराज्यपाल (LG) कार्यालय में रिपोर्ट करने का निर्देश दिया है।

अनुराग कुमार की नियुक्ति से पहले कैबिनेट की नियुक्ति समिति (ACC) ने उन्हें इंटेलिजेंस ब्यूरो से उनके मूल AGMUT कैडर में वापस भेजने को मंजूरी दी थी।

सरकार के आदेश में कहा गया है कि सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के बाद अनुराग कुमार को कार्यभार संभालने की तारीख से अगले आदेश तक दिल्ली पुलिस आयुक्त नियुक्त किया जाता है।

करीब 32 वर्षों के सेवा अनुभव वाले अनुराग कुमार पुलिसिंग, प्रशासन और खुफिया मामलों के विशेषज्ञ माने जाते हैं। इंटेलिजेंस ब्यूरो में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा, आतंकवाद-रोधी रणनीति, खुफिया जानकारी जुटाने और विश्लेषण सहित कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं।

इंजीनियरिंग स्नातक अनुराग कुमार को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए 2010 में पुलिस पदक (Police Medal for Meritorious Service) और 2016 में राष्ट्रपति पुलिस पदक (President’s Police Medal for Distinguished Service) से सम्मानित किया जा चुका है।

दिल्ली पुलिस आयुक्त के रूप में अनुराग कुमार राष्ट्रीय राजधानी में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेंगे। दिल्ली में संसद, राष्ट्रपति भवन, प्रधानमंत्री कार्यालय, सुप्रीम कोर्ट और कई देशों के दूतावास स्थित होने के कारण यहां की पुलिस व्यवस्था देश की सबसे महत्वपूर्ण सुरक्षा जिम्मेदारियों में मानी जाती है।

-(इनपुटःएजेंसी)