भारत सरकार के अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के तहत आने वाली हज कमेटी ऑफ इंडिया ने हज 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया की शुरुआत कर दी है। यह जानकारी रविवार को जारी की गई, जिसमें बताया गया कि इच्छुक यात्री 7 जुलाई 2025 से 31 जुलाई 2025 रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। गौरतलब है कि हज यात्रा, मुस्लिम समुदाय के लिए अत्यंत पवित्र और आध्यात्मिक महत्व रखती है। इसके लिए दो तरीकोंं से आवेदन किया जा सकता है, हज कमेटी की आधिकारिक वेबसाइट https://hajcommittee.gov.in के माध्यम से या हज सुविधा “HAJ SUVIDHA” मोबाइल ऐप के जरिए, जो एंड्रॉइड और iOS दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है।
आवेदन करने से पहले सभी इच्छुक यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे निर्देश पुस्तिका (Guidelines) और अनुबंध (Undertaking) को ध्यानपूर्वक पढ़ें। आवेदन केवल उन्हीं लोगों का स्वीकार किया जाएगा जिनके पास मशीन-रीडेबल (पठनीय) भारतीय अंतरराष्ट्रीय पासपोर्ट हो, जो आवेदन की अंतिम तिथि यानी 31 जुलाई 2025 तक जारी हो चुका हो और 31 दिसंबर 2026 तक वैध हो।
हज कमेटी ने यह भी स्पष्ट किया है कि बिना गंभीर कारण जैसे मृत्यु या गंभीर चिकित्सा आपातकाल के अलावा आवेदन रद्द करने पर जुर्माना देना पड़ सकता है। इसलिए सभी यात्री आवेदन करने से पहले अपनी पूरी तैयारी सुनिश्चित कर लें। हज 2026 से जुड़ी विस्तृत जानकारी और निर्देशों के लिए आधिकारिक वेबसाइट https://hajcommittee.gov.in पर जाएं।-(PIB)


