राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता के विजेताओं को आज सम्मानित करेंगे अर्जुन राम मेघवाल

विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के लिए आयोजित 17वीं राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता (2024-25) का पुरस्कार वितरण समारोह मंगलवार को नई दिल्ली स्थित संसद पुस्तकालय भवन के जीएमसी बालायोगी सभागार में आयोजित किया जाएगा। समारोह की अध्यक्षता विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल करेंगे। इस दौरान प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विश्वविद्यालयों, कॉलेजों और छात्रों को सम्मानित किया जाएगा।

कश्मीर विश्वविद्यालय को मिलेगा सर्वोच्च सम्मान

समारोह के दौरान जम्मू-कश्मीर के कश्मीर विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने के लिए ‘अटल बिहारी वाजपेयी रनिंग पार्लियामेंट्री शील्ड’ प्रदान की जाएगी। पुरस्कार वितरण समारोह में कश्मीर विश्वविद्यालय के छात्र अपनी विजेता युवा संसद का पुनः प्रदर्शन भी करेंगे।

29 वर्षों से आयोजित हो रही है प्रतियोगिता

संसदीय कार्य मंत्रालय पिछले 29 वर्षों से विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के लिए राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता का आयोजन कर रहा है। इस श्रृंखला की 17वीं प्रतियोगिता (2024-25) में देशभर के 51 विश्वविद्यालयों और कॉलेजों ने भाग लिया।

युवा संसद का उद्देश्य

युवा संसद योजना का उद्देश्य युवाओं में आत्म-अनुशासन, विभिन्न विचारों के प्रति सहिष्णुता, लोकतांत्रिक मूल्यों और निष्पक्ष अभिव्यक्ति की भावना विकसित करना है। इसके साथ ही यह प्रतियोगिता छात्रों को संसद की कार्यप्रणाली, चर्चा और वाद-विवाद की प्रक्रिया से परिचित कराते हुए उनमें नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और प्रभावी वक्तृत्व कौशल का विकास करती है।

इन सात संस्थानों को भी मिलेगा सम्मान

समूह स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले सात विश्वविद्यालयों और कॉलेजों को भी समारोह में ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। इनमें डीएवी कॉलेज, जालंधर (पंजाब), जादवपुर विश्वविद्यालय, कोलकाता (पश्चिम बंगाल), शिवाजी विश्वविद्यालय, कोल्हापुर (महाराष्ट्र), पंजाब केंद्रीय विश्वविद्यालय, बठिंडा, (पंजाब), एसएसएमआरवी कॉलेज, बेंगलुरु (कर्नाटक), चाणक्य राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय, पटना (बिहार) और कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र (हरियाणा) शामिल हैं। (इनपुट: पीआईबी)