सेना प्रमुख धीरज सेठ ने युद्धक तैयारियों और अमरनाथ यात्रा की समीक्षा की

भारतीय थलसेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ ने अमरनाथ यात्रा के लिए किए गए सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की है। वह सेना की तैयारियों का जायजा लेने के लिए जम्मू-कश्मीर गए हैं। सेना प्रमुख जम्मू-कश्मीर स्थित भारतीय सेना के चिनार कोर के मुख्यालय पहुंचे हैं।

यहां उन्होंने भारतीय सेना की चिनार कोर से संबंधित विभिन्न सैन्य संरचनाओं का दौरा किया। इसके साथ ही नियंत्रण रेखा (एलओसी) और भीतरी क्षेत्रों में मौजूदा सुरक्षा स्थिति, परिचालन तैयारियों तथा युद्धक क्षमता की विस्तृत समीक्षा की।

इस दौरान थलसेना प्रमुख को अमरनाथ यात्रा के लिए किए गए सुरक्षा प्रबंधों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने क्षेत्र में सेना की परिचालन तैनाती, आतंकवाद-रोधी अभियानों, विभिन्न सुरक्षा एवं खुफिया एजेंसियों के बीच समन्वय पर जानकारी ली। बदलते सुरक्षा परिदृश्य की भी समीक्षा की गई।

वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों ने उन्हें क्षेत्र में चल रहे अभियानों और सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए अपनाई जा रही रणनीतियों से भी अवगत कराया। जनरल धीरज सेठ ने सेना में नई प्रौद्योगिकियों को शामिल करने, सैन्य क्षमताओं को मजबूत बनाने और सभी प्रकार के अभियानों के लिए एकीकृत युद्धक तैयारी से जुड़े प्रयासों की भी समीक्षा की।

उन्होंने आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग और परिचालन दक्षता बढ़ाने के लिए किए जा रहे नवाचारों पर विशेष ध्यान दिया। थलसेना प्रमुख ने क्षेत्र में तैनात अधिकारियों, जूनियर कमीशंड अधिकारियों और जवानों से बातचीत की। इस बातचीत के दौरान सेना प्रमुख ने विभिन्न अधिकारियों व जवानों के अनुभवों और उनकी चुनौतियों के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कठिन और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में सैनिकों द्वारा प्रदर्शित उच्च स्तर की पेशेवर दक्षता, अनुशासन और समर्पण की सराहना की।

जनरल सेठ ने सभी जवानों व अधिकारियों की प्रतिबद्धता की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि सेना के जवानों के अथक प्रयासों के कारण क्षेत्र में शांति, स्थिरता और सुरक्षा बनाए रखने में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। उन्होंने सैनिकों का मनोबल बढ़ाते हुए भविष्य की चुनौतियों के लिए पूरी तरह तैयार रहने और राष्ट्र की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को बनाए रखने का आह्वान किया।

गौरतलब है कि सेना प्रमुख का यह दौरा ऐसे समय में हुआ है जब जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बल आतंकवाद-रोधी अभियानों के साथ-साथ अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं। इस के लिए व्यापक स्तर पर तैनाती भी की गई हैं। थलसेना प्रमुख की यह समीक्षा क्षेत्र में सेना की परिचालन तत्परता और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। (इनपुट-आईएएनएस)

RELATED ARTICLES

56 mins ago | banking sector

सरकार ने आईडीबीआई बैंक के रणनीतिक पुनर्गठन को दी मंजूरी

आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीईए) ने आईडीबीआई बैंक लिमिटेड के रणनीतिक पुनर्गठन को म...

1 hour ago | Anita Anand

प्रधानमंत्री मोदी से मिलीं कनाडाई विदेश मंत्री अनीता आनंद, व्यापार-तकनीक समेत कई मुद्दों पर चर्चा

कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरा...