पाकिस्तान के ड्रोन हमलों के बीच सेना अलर्ट पर, जम्मू-कश्मीर के अखनूर में ब्लैकआउट

जम्मू-कश्मीर के अखनूर में शनिवार को अचानक ब्लैकआउट लागू कर दिया गया। स्थानीय लोगों ने धमाकों और सायरनों की आवाजें सुनने की पुष्टि की है। सुरक्षा बलों ने यह फैसला ऐसे समय में लिया है जब सीमा पर तनाव लगातार बढ़ रहा है और पाकिस्तान की ओर से ड्रोन हमलों की कोशिशें तेज हो गई हैं। इससे पहले पंजाब के जालंधर में भी ड्रोन देखे जाने के बाद ब्लैकआउट किया गया था। जालंधर के डिप्टी कमिश्नर ने लोगों से शांति बनाए रखने और सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने की अपील की।

वहीं शुक्रवार को पाकिस्तान की ओर से 26 स्थानों पर हथियारबंद ड्रोन देखे गए। ड्रोन जिन क्षेत्रों में देखे गए उनमें बारामुला, श्रीनगर, अवंतीपोरा, नगरोटा, जम्मू, फिरोजपुर, पठानकोट, फाजिल्का, लालगढ़ जट्टा, जैसलमेर, बाड़मेर, भुज, कुर्बेट और लखी नाला शामिल हैं। फिरोजपुर में एक सशस्त्र ड्रोन ने एक आम नागरिक क्षेत्र को निशाना बनाया, जिससे एक परिवार के कई सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया और सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र को सैनिटाइज किया।

सांबा सेक्टर में भी शुक्रवार रात पाकिस्तानी ड्रोन देखे गए जिन पर भारत की वायु रक्षा प्रणाली ने तेजी से कार्रवाई करते हुए उन्हें हवा में ही नष्ट कर दिया। इस दौरान रात के अंधेरे में लाल रेखाएं और जोरदार धमाके सुने गए। जम्मू, सांबा और पठानकोट जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में भी ड्रोन गतिविधियां देखी गईं, जिससे सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट हो गई हैं। भारतीय सेना ने पाकिस्तान की इस आक्रामकता का मुंहतोड़ जवाब दिया है।

इस तनाव की शुरुआत भारत द्वारा हाल ही में किए गए “ऑपरेशन सिंदूर” के बाद हुई, जिसमें पाकिस्तान और पीओजेके में मौजूद आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया था। यह ऑपरेशन 22 अप्रैल को कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में किया गया था, जिसमें 26 निर्दोष पर्यटक मारे गए थे। पाकिस्तान ने इसके बाद भारत के नागरिक ढांचों और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की कोशिश की, जिसे भारतीय वायु रक्षा प्रणाली ने समय रहते विफल कर दिया।

पूरे देश में सेना और सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। ड्रोन जैसे हवाई खतरों को रोकने के लिए उन्नत काउंटर-ड्रोन सिस्टम तैनात किए गए हैं। रक्षा मंत्रालय के अधिकारियों के मुताबिक स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर हर जगह तुरंत कार्रवाई की जा रही है।-(ANI)