पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे और अंतिम चरण में आज बुधवार सुबह 11 बजे तक लगभग 39.97% मतदान दर्ज किया गया है। वहीं सुबह 9 बजे तक लगभग 18.39% मतदान दर्ज किया गया है।
राज्य के विधानसभा चुनाव में दूसरे चरण के लिए 142 सीटों पर मतदान जारी है। बुधवार सुबह से ही मतदान केंद्रों पर वोट डालने के लिए वोटरों की लंबी-लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026, चरण 2 में पूर्व भारतीय क्रिकेटर और बंगाल क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने अपने परिवार के साथ बेहाला पुरबा विधानसभा क्षेत्र के विजिटबारिशा शशिभूषण जनकल्याण विद्यापीठ मतदान केंद्र संख्या 153 पर मतदान किया।
उन्होंने कहा, “मैंने अपना वोट दे दिया है। पिछले फेज में काफी मतदान हुआ था। आज वोट दीजिए।”
आपको बता दें, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और आखिरी चरण में 142 सीटों के लिए मतदान हो रहा है। सुबह 7 बजे वोटिंग शुरू हुई। इस चरण में 3.12 करोड़ से अधिक मतदाता 1,448 उम्मीदवारों की किस्मत तय करेंगे। विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे चरण में मतदान को लेकर मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। सुबह-सुबह ही कई मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें लग गईं, खासकर महिला मतदाताओं की भागीदारी ने लोकतंत्र के इस पर्व को और भी जीवंत बना दिया है।
142 विधानसभा सीटों के लिए कुल 1,448 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। पुरुष उम्मीदवारों की संख्या 1,228 है, जबकि महिला उम्मीदवारों की संख्या 220 है। दक्षिण 24 परगना जिले के भांगर में सबसे ज्यादा 15 उम्मीदवार हैं, जबकि हुगली जिले में सबसे कम 5 उम्मीदवार हैं।
भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) के रिकॉर्ड के अनुसार, दूसरे चरण में पंजीकृत मतदाताओं की कुल संख्या 32,173,837 है। यह इन सभी विधानसभा सीटों की कुल आबादी 50,013,786 का लगभग 64 प्रतिशत है। 32,173,837 पंजीकृत मतदाताओं में से 16,435,627 पुरुष मतदाता, 15,737,418 महिला मतदाता और 792 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। (इनपुट- एजेंसी)


