रेल भवन के वॉर रूम में अश्विनी वैष्णव ने की समीक्षा बैठक, त्योहारों पर भीड़भाड़ वाले रूटों पर अतिरिक्त ट्रेनें चलाने के निर्देश

दीपावली और छठ पर्व के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज सोमवार को रेल भवन स्थित वॉर रूम का दौरा किया और त्योहारी सीजन में यात्रा प्रबंधन की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों की चौबीसों घंटे सेवा भावना की सराहना की और उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं।

रेल मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए जानकारी दी कि रेल मंत्री ने रेलवे बोर्ड के वॉर रूम में यात्रियों की आवाजाही की समीक्षा की और रेलवे के निरंतर कामकाज की प्रशंसा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भीड़भाड़ वाले रूटों पर अतिरिक्त ट्रेनें चलाई जाएं ताकि हर यात्री को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा मिल सके। इसके साथ ही उन्होंने सुरक्षा और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए।

रेल मंत्री ने कहा कि दीपावली और छठ जैसे प्रमुख त्योहारों के दौरान लाखों लोग अपने घरों की ओर यात्रा करते हैं, इसलिए रेलवे को पूरी तत्परता से काम करना होगा। उन्होंने बताया कि इस बार यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए लगभग 12,000 अतिरिक्त ट्रेन सेवाएं चलाई जा रही हैं। इसके अलावा, प्रत्येक प्रमुख रेलवे स्टेशन पर नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) स्थापित किए गए हैं, जो ट्रेनों की आवाजाही, प्लेटफॉर्म आवंटन और प्रस्थान की मंजूरी पर त्वरित निर्णय ले रहे हैं, ताकि किसी भी स्थान पर भीड़ जमा न हो।

इससे पहले रविवार को अश्विनी वैष्णव ने दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल का भी निरीक्षण किया था। उन्होंने स्टेशन पर यात्री सुविधाओं, टिकट व्यवस्था, स्वच्छता और सुरक्षा की स्थिति का जायजा लिया और यात्रियों से बातचीत कर उनके सुझाव सुने। रेल मंत्री ने सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही भीड़भाड़ और कुप्रबंधन की अफवाहों को खारिज करते हुए जनता और विपक्षी दलों से अपील की कि वे गलत सूचनाएं न फैलाएं।

उन्होंने कहा कि भारतीय रेलवे ने बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने के लिए व्यापक तैयारी की है। इसके तहत अतिरिक्त ट्रेनें, बेहतर भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा उपाय और निगरानी तंत्र लागू किए गए हैं। रेल मंत्री ने देशभर में 24 घंटे काम कर रहे 12 लाख रेलवे कर्मचारियों को भी धन्यवाद दिया और उनके समर्पण की प्रशंसा की।

अश्विनी वैष्णव ने कहा, “हमारा लक्ष्य है कि हर यात्री अपने घर तक सुरक्षित और आरामदायक तरीके से पहुंचे। रेलवे परिवार के सभी कर्मचारी इस लक्ष्य के लिए लगातार काम कर रहे हैं।”-(IANS)