गुलवीर सिंह ने एशियन गेम्स 2026 में मेडल की हैट्रिक पूरी कर ली है। भारतीय धावक ने मंगलवार को मिजुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम में पुरुषों की 5000 मीटर दौड़ के फाइनल में ब्रॉन्ज मेडल जीता। उन्होंने रेस 13:32.75 के समय के साथ पूरी की। बहरीन के बिरहानु बालेव ने 13:30.79 के समय के साथ गोल्ड, जबकि जापान के यामागुची टोमोनोरी ने 13:31.43 के समय के साथ सिल्वर मेडल जीता।
एक ही एशियन गेम्स में तीन मेडल
गुलवीर ने इससे पहले एशियन गेम्स 2026 में पुरुषों की 10,000 मीटर और 1500 मीटर स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीते थे। 5000 मीटर में ब्रॉन्ज के साथ उन्होंने एक ही एशियन गेम्स में तीन मेडल अपने नाम कर लिए। वह पिछले 40 साल में एशियन गेम्स के एक ही एडिशन में तीन मेडल जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट हैं। उनसे पहले पीटी उषा ने एशियन गेम्स 1986 में चार मेडल जीते थे।
5000 मीटर में शुरुआत से बने रहे आगे
5000 मीटर फाइनल की शुरुआत में गुलवीर आगे रहने वाले ग्रुप के साथ बने रहे। शुरुआती 2000 मीटर के बाद वह तीसरे स्थान पर थे। रेस के निर्णायक दौर में भी उन्होंने अपनी स्थिति बनाए रखी, लेकिन गोल्ड और सिल्वर के लिए शीर्ष दो धावकों को चुनौती नहीं दे सके।
10,000 मीटर में भी रचा इतिहास
गुलवीर ने इससे पहले पुरुषों की 10,000 मीटर रेस में 28:29.38 का समय निकालकर सिल्वर मेडल जीता था। वह इस स्पर्धा में दो एशियन गेम्स मेडल जीतने वाले पहले भारतीय बने। उन्होंने 2023 के हांग्जो एशियन गेम्स में 10,000 मीटर में ब्रॉन्ज मेडल जीता था।
1500 मीटर में भी जीता सिल्वर
इसके बाद गुलवीर ने पुरुषों की 1500 मीटर रेस में भी सिल्वर मेडल अपने नाम किया। उन्होंने 3:36.72 के अपने पर्सनल बेस्ट समय के साथ दूसरा स्थान हासिल किया।
पूजा ओल्ला और मोहम्मद अफसल आठवें से नीचे
महिलाओं की 800 मीटर फाइनल में भारत की पूजा ओल्ला 2:06.72 के समय के साथ सातवें स्थान पर रहीं। चीन की वू होंगजियाओ ने 2:04.49 के समय के साथ गोल्ड मेडल जीता। वहीं, पुरुषों की 800 मीटर फाइनल में भारत के मोहम्मद अफसल पुलिक्कलाकाथ 1:48.27 के समय के साथ आठवें स्थान पर रहे।
को ओचियाई ने बनाया एशियन गेम्स रिकॉर्ड
जापान के को ओचियाई ने पुरुषों की 800 मीटर रेस में 1:44.48 के समय के साथ गोल्ड मेडल जीता। उन्होंने ईरान के सज्जाद मोरादी का 16 साल पुराना 1:44.74 का एशियन गेम्स रिकॉर्ड तोड़ दिया। (इनपुट: आईएएनएस)


