34 mins ago

Print

Asian Para Games: पीएम मोदी ने एशियन पैरा गेम्स के पदक विजेताओं को सराहा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को ‘एशियन पैरा गेम्स 2026’ में पदक जीतने वाले भारतीय एथलीट्स को बधाई देते हुए उनके समर्पण की सराहना की। भारत कुल 88 मेडल (21 गोल्ड, 26 सिल्वर और 41 ब्रॉन्ज) के साथ मेडल टैली में पांचवें स्थान पर है।

पीएम मोदी ने अंजानाबेन को महिलाओं की 400 मीटर टी47 स्पर्धा में गोल्ड जीतने पर बधाई देते हुए कहा, “एशियन पैरा गेम्स 2026 में महिलाओं की 400 मीटर टी47 स्पर्धा में शानदार टाइमिंग के साथ स्वर्ण पदक जीतने पर अंजानाबेन को बधाई। उनकी बेहतरीन गति, फोकस और दृढ़ संकल्प ने पूरे देश को गौरवान्वित किया है। कामना है कि वह भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करती रहें और और भी बड़ी सफलताएं हासिल करें।”

पुरुषों की 400 मीटर टी47 स्पर्धा में गोल्ड मेडलिस्ट दिलीप की तारीफ में पीएम मोदी ने कहा, “एशियन पैरा गेम्स 2026 में पुरुषों की 400 मीटर टी47 स्पर्धा में शानदार टाइमिंग के साथ स्वर्ण पदक जीतने पर दिलीप को हार्दिक बधाई। अपने प्रदर्शन में सुधार करते हुए अपने खिताब को सफलतापूर्वक बचाए रखना एक उल्लेखनीय उपलब्धि है। उनकी गति, दृढ़ संकल्प और समर्पण वास्तव में सराहनीय हैं। भारत को उन पर गर्व है।”

उन्होंने लॉन्ग जंपर सोलैराज धर्मराज की सराहना करते हुए कहा, “सोलैराज धर्मराज ने एशियन पैरा गेम्स 2026 में पुरुषों की लॉन्ग जंप टी44/टी62/टी64 स्पर्धा में असाधारण प्रदर्शन करते हुए एक शानदार छलांग के साथ स्वर्ण पदक जीता है। अपने ही एशियाई रिकॉर्ड को तोड़कर उन्होंने एक बार फिर अपने बेहतरीन कौशल और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया है। इस शानदार जीत के लिए सोलैराज को बधाई। कामना है कि वह भविष्य में और भी ऊंचाइयों को छुएं।”

पैरा आर्चर स्वाति चौधरी की सराहना करते हुए पीएम मोदी ने कहा, “भारतीय पैरा आर्चरी (तीरंदाजी) के लिए एक बहुत ही खास उपलब्धि। स्वाति चौधरी ने एशियन पैरा गेम्स में महिलाओं की डब्ल्यू1 आर्चरी स्पर्धा में भारत के लिए पहला पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। अपने पहले ही टूर्नामेंट में उन्होंने रजत पदक हासिल किया है। उनका दृढ़ संकल्प वास्तव में सराहनीय है। कामना है कि वह आगे भी देश को गौरवान्वित करती रहें।”

उन्होंने डिस्कस थ्रोअर सुवर्णा राज की सराहना करते हुए कहा, “एशियन पैरा गेम्स 2026 में महिलाओं की डिस्कस थ्रो एफ54 स्पर्धा में शानदार जीत के लिए सुवर्णा राज को बधाई। उनकी यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत, लगन और खेल में उत्कृष्टता के प्रति उनके अटूट समर्पण का परिणाम है। भारत उनकी इस शानदार जीत का जश्न मना रहा है। उनके भविष्य के प्रयासों के लिए बहुत-बहुत शुभकामनाएं।”

बैडमिंटन स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने पर पीएम ने प्रमोद भगत और मनीषा रामदास की जोड़ी की तारीफ में कहा, “प्रमोद भगत और मनीषा रामदास का सराहनीय प्रयास। इस प्रतिभाशाली जोड़ी ने एशियन पैरा गेम्स 2026 में मिक्स्ड डबल्स एसएल3-एसयू5 पैरा बैडमिंटन स्पर्धा में कांस्य पदक जीता है। पूरे टूर्नामेंट के दौरान उनकी टीम वर्क, दृढ़ संकल्प और प्रतिस्पर्धा की भावना साफ तौर पर देखने को मिली। दोनों खिलाड़ियों को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई और उनके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं।”

बैडमिंटन इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल विजेता नित्या और कृष्णा की तारीफ में पीएम मोदी ने कहा, “एशियन पैरा गेम्स 2026 में मिक्स्ड डबल्स एसएच6 पैरा बैडमिंटन इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर नित्या श्री सुमति सिवन और कृष्णा नागर को बधाई। उनके समर्पण ने भारतीय पैरा बैडमिंटन के लिए एक और गर्व का पल दिया है। आगे की प्रतियोगिताओं में भी उन्हें लगातार सफलता मिले, यही कामना है।”

उन्होंने पैरा बैडमिंटन में सुहास एल. यथिराज के ब्रॉन्ज जीतने पर कहा, “सुहास एल. यथिराज ने अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर एक बार फिर अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने एशियन पैरा गेम्स 2026 में मेन्स सिंगल्स एसएल4 पैरा बैडमिंटन इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीता है। उनकी निरंतरता, लगन और खेल के प्रति उनका जुनून वाकई तारीफ के काबिल है। इस उपलब्धि के लिए सुहास को बधाई। वे आगे भी ऐसे ही बेहतरीन प्रदर्शन करते रहें और दूसरों को प्रेरित करते रहें।”

भाविना पटेल और शुभम वाधवा को मिक्स्ड डबल्स क्लास एक्सडी7 इवेंट में ब्रॉन्ज जीतने पर बधाई देते हुए पीएम ने कहा, “भारतीय पैरा टेबल टेनिस के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि। भाविना पटेल और शुभम वाधवा ने एशियन पैरा गेम्स 2026 में मिक्स्ड डबल्स क्लास एक्सडी7 इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीता है। इन खेलों में मिक्स्ड डबल्स इवेंट में भारत का यह पहला मेडल है। उनकी टीम वर्क, समर्पण और दृढ़ संकल्प ने देश का मान बढ़ाया है। इस शानदार उपलब्धि के लिए दोनों खिलाड़ियों को बधाई। उनके भविष्य के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं।”

शीतल देवी ने एक ही दिन भारत के लिए दो गोल्ड जीते। पीएम मोदी ने कहा, “एशियन पैरा गेम्स 2026 में पैरा कंपाउंड मिक्स्ड टीम इवेंट में गोल्ड मेडल जीतने पर शीतल देवी और टोमन कुमार को बधाई। उनकी यह शानदार जीत उनके कौशल, संयम और बेहतरीन टीम वर्क का बेहतरीन उदाहरण है। उनकी इस सफलता से पूरा भारत खुश है।”

एक अन्य पोस्ट में पीएम ने कहा, “एशियन पैरा गेम्स 2026 में विमेंस इंडिविजुअल पैरा कंपाउंड आर्चरी (तीरंदाजी) इवेंट में शीतल देवी का शानदार प्रदर्शन। उन्होंने सफलतापूर्वक अपना खिताब बरकरार रखा है और लगातार दूसरी बार गोल्ड मेडल जीता है। उनकी सटीकता, निरंतरता और खेल में उत्कृष्टता के प्रति उनका समर्पण वाकई काबिल-ए-तारीफ है। उनके भविष्य के प्रयासों के लिए बहुत-बहुत शुभकामनाएं।”

महिलाओं की 400 मीटर टी12 स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीतने पर पीएम ने तेजलबेन दामोर की तारीफ में कहा, “तेजलबेन दामोर का एक और शानदार प्रदर्शन। उन्होंने एशियन पैरा गेम्स 2026 में महिलाओं की 400 मीटर टी12 स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीता है। उनकी गति, दृढ़ संकल्प और बेहतरीन प्रदर्शन के प्रति उनका समर्पण वाकई तारीफ के काबिल है। इस उपलब्धि के लिए तेजलबेन को बधाई।”