Print

एशियन गेम्स: भारत ने थाईलैंड को 66-28 से हराकर कबड्डी के फाइनल में बनाई जगह

भारत की पुरुष कबड्डी टीम ने शुक्रवार को यहां तोकाई सिटीजन जिम्नेजियम में खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में थाईलैंड को 66-28 से करारी शिकस्त देकर फाइनल में जगह बना ली।

आठ बार की चैंपियन और मौजूदा विजेता भारतीय टीम पुरुष कबड्डी स्पर्धा के नौवें फाइनल में पहुंच गई है और अब वह 2023 के अपने खिताब का बचाव करने की कोशिश करेगी। भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में दोनों हाफ में शानदार प्रदर्शन करते हुए थाईलैंड को 66-28 से मात दी।

भारत ने पहले हाफ में 37 अंक हासिल किए, जबकि थाईलैंड की टीम सिर्फ 18 अंक ही जुटा सकी। दूसरे हाफ में भी भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा जारी रहा। भारत ने 29 अंक हासिल किए, जबकि थाईलैंड को केवल 10 अंक मिले।

भारत ने पहले हाफ में 21 आउट अंक हासिल किए। इसके अलावा भारतीय खिलाड़ियों ने थाईलैंड के डिफेंस में गहराई तक जाकर 12 बोनस अंक जुटाए और दो बार ऑल आउट किया। थाईलैंड ने भी शुरुआती दौर में भारत को चुनौती दी, लेकिन वह 13 आउट अंक, तीन बोनस अंक और एक ऑल आउट तक ही पहुंच सका।

दूसरे हाफ में भारत ने 22 और आउट अंक हासिल किए तथा तीन बोनस अंक जुटाए। भारतीय टीम ने दो और ऑल आउट किए। वहीं, थाईलैंड ने सात आउट अंक, दो बोनस अंक और एक तकनीकी अंक हासिल किया।

भारत पुरुष प्रतियोगिता में अब तक अजेय है। टीम ने सेमीफाइनल में पहुंचने से पहले ग्रुप ए के अपने चारों मुकाबलों में जीत दर्ज की थी। अब फाइनल में उसका सामना ईरान या चीनी ताइपे में से किसी एक टीम से होगा।

इससे पहले भारत की महिला टीम ने भी नेपाल को 48-24 से हराकर फाइनल में जगह बना ली। भारतीय महिला टीम ने सेमीफाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए लगभग पूरे मुकाबले में अपना दबदबा बनाए रखा। भारत ने पहले हाफ में 31 अंक हासिल किए और ब्रेक तक 31-17 की मजबूत बढ़त बना ली। दूसरे हाफ में भारत ने 17 अंक जुटाए, जबकि नेपाल की टीम केवल सात अंक ही हासिल कर सकी।

भारतीय टीम आक्रमण और डिफेंस दोनों में नेपाल से काफी बेहतर रही। भारत ने पहले हाफ में 23 आउट अंक, चार बोनस अंक हासिल किए और दो बार ऑल आउट किया। वहीं, नेपाल ने 13 आउट अंक, तीन बोनस अंक हासिल किए और एक सुपर टैकल किया।

दूसरे हाफ में भी स्थिति लगभग ऐसी ही रही। भारत ने 12 आउट अंक, तीन बोनस अंक हासिल किए और एक ऑल आउट किया, जबकि नेपाल की टीम आखिरी 15 मिनट में केवल पांच आउट अंक और दो बोनस अंक ही जुटा सकी।

(इनपुट-आईएएनएस)