ओमान के तट के पास एक व्यापारिक जहाज ‘एमएसवी अल जुसीफी’ पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि 13 अन्य भारतीयों को सुरक्षित बचा लिया गया। विदेश मंत्रालय ने हमले की निंदा करते हुए मृतक के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।
विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, जहाज पर कुल 14 भारतीय नागरिक सवार थे। इनमें से 13 को बचा लिया गया, जबकि एक भारतीय नागरिक की चोटों के कारण मौत हो गई।
मंत्रालय ने बताया कि ओमान स्थित भारतीय दूतावास घटनाक्रम पर करीबी नजर रख रहा है। दूतावास ओमान के अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहा है, ताकि बचाए गए भारतीय नागरिकों की जल्द स्वदेश वापसी और मृतक के पार्थिव शरीर को भारत लाने की व्यवस्था की जा सके।
विदेश मंत्रालय ने क्षेत्र में व्यापारिक जहाजों पर लगातार हो रहे हमलों को गंभीर चिंता का विषय बताया। मंत्रालय ने तनाव तत्काल कम करने और कूटनीतिक समाधान के लिए जारी बातचीत को निष्कर्ष तक पहुंचाने की अपील की, ताकि क्षेत्र में शांति और स्थिरता बहाल हो सके।
बयान में कहा गया कि क्षेत्र में व्यापारिक जहाजों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना बंद होना चाहिए। साथ ही, अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुरूप क्षेत्र के अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों से नौवहन और व्यापार की स्वतंत्र एवं निर्बाध आवाजाही जल्द बहाल की जानी चाहिए।
-(इनपुटः विदेश मंत्रालय)


